आम चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 20 Mar 2024 07:32 PM
आम चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. देश के 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के उन 102 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नामांकन प्रक्रिया बुधवार को अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू हो गई, जहां 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के पहले चरण में मतदान होगा. पहले चरण में अरुणाचल प्रदेश की दो सीट, असम की पांच , बिहार की चार , छत्तीसगढ़ की एक , मध्य प्रदेश की छह, महाराष्ट्र की पांच, मणिपुर की दो, मेघालय की दो , मिजोरम की एक , नागालैंड की एक , राजस्थान की 12, सिक्किम की एक, तमिलनाडु की 39, त्रिपुरा की एक, उत्तर प्रदेश की आठ, उत्तराखंड की सभी पांच, पश्चिम बंगाल की तीन , अंडमान और निकोबार की एकमात्र तथा जम्मू और कश्मीर, लक्षद्वीप और पुडुचेरी की एक-एक सीट पर मतदान होगा.

राष्ट्रपति की तरफ से निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 27 मार्च है.
हालांकि बिहार में पहले चरण में जिन चार लोकसभा सीट के लिए मतदान होना है, उनके लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख एक त्योहार की वजह से बढ़ाकर 28 मार्च की गई है.

नामांकन पत्रों की जांच 28 मार्च को की जाएगी. हालांकि, बिहार के लिए यह तारीख 30 मार्च होगी. नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 30 मार्च है जबकि बिहार के लिए यह दो अप्रैल है. अठारहवीं लोकसभा के लिए चुनाव 19 अप्रैल को शुरू होंगे और उसके बाद 26 अप्रैल, सात मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को मतदान होगा. मतगणना चार जून को होगी.

ईटानगर में, राज्य चुनाव कार्यालय ने अरुणाचल प्रदेश में 60 सदस्यीय विधानसभा और दो लोकसभा सीट पर चुनाव कराने के लिए अलग-अलग गजट अधिसूचनाएं जारी कीं. पिछले आम चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दोनों लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की थी. विधानसभा में, भाजपा को 41 सीट मिली थी जबकि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के खाते में सात, एनपीपी के खाते में पांच सीट गई थी. कांग्रेस ने राज्य विधानसभा चुनाव में चार सीट पर जीत हासिल की थी जबकि पीपीए ने एक सीट और दो निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी जीत हासिल की.

भाजपा ने सभी विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, और अरुणाचल पश्चिम लोकसभा सीट के लिए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू और अरुणाचल पूर्व सीट के लिए तापिर गाओ को अपना उम्मीदवार बनाया है. पहले चरण में असम की काजीरंगा, सोनितपुर, लखीमपुर, डिब्रूगढ़ और लखीमपुर की सीट पर भी मतदान होगा. इस चरण में जिन प्रमुख उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर लगी है, उनमें डिब्रूगढ़ से केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल है जिनके खिलाफ असम के संयुक्त विपक्षी मोर्चा के लुरिनज्योति गोगोई मैदान में हैं. मौजूदा लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई का मुकाबला जोरहाट से भाजपा के टोपोन गोगोई से है. काजीरंगा में भाजपा के राज्यसभा सदस्य कामाख्या प्रसाद तासा का मुकाबला पूर्व कांग्रेस विधायक रोजेलिना तिर्की से है.

पुडुचेरी में निर्वाचन अधिकारी ए कुलोथुंगन ने केंद्र शासित प्रदेश की एकमात्र लोकसभा सीट के लिए वैधानिक अधिसूचना जारी की.
जम्मू-कश्मीर में उधमपुर-कठुआ लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र देश भर के 102 क्षेत्रों में से एक है जहां पहले चरण में मतदान होगा . अभी तक केवल भाजपा और पूर्व कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद की डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (डीपीएपी) ने ही इस सीट के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा की है. मौजूदा सांसद और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और पूर्व मंत्री जी एम सरूरी क्रमश? भाजपा और डीपीएपी के उम्मीदवार हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu