जी20 रात्रिभोज के लिए खरगे को आमंत्रित न करना दुर्भाग्यपूर्ण: कांग्रेस के नेताओं ने कहा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 08 Sep 2023 08:25 PM
जी20 रात्रिभोज के लिए खरगे को आमंत्रित न करना दुर्भाग्यपूर्ण: कांग्रेस के नेताओं ने कहा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस नेताओं ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जी20 रात्रिभोज के लिए राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को आमंत्रित नहीं किया गया जो लोकतंत्र पर हमला है और सत्ता पक्ष की सोच को भी दर्शाता है. खरगे और अन्य विपक्षी दलों के नेताओं को शनिवार को होने वाले रात्रिभोज में आमंत्रित नहीं किया गया, लेकिन राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों को निमंत्रण मिला है. निमंत्रित किए जाने वाले मुख्यमंत्रियों में विपक्षी दलों के शासन वाले राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हैं.
राष्ट्रपति मुर्मू जी20 शिखर सम्मेलन के आयोजन स्थल भारत मंडपम में आने वाले गणमान्य अतिथियों के लिए रात्रिभोज की मेजबानी करेंगी.

खरगे को रात्रिभोज में आमंत्रित नहीं किए जाने पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ब्रसेल्स में कहा कि कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि सरकार देश की 60 प्रतिशत आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाले विपक्ष के नेता को महत्व नहीं देती. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि चूंकि विपक्ष लोकतंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए विपक्ष के नेता को आमंत्रित न करना लोकतंत्र पर हमला है. नेता प्रतिपक्ष का दर्जा कैबिनेट मंत्री का होता है और एक संवैधानिक पद रखता है. सूत्रों ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्रियों और सभी मुख्यमंत्रियों को रात्रिभोज के लिए आमंत्रित किया गया है.

बघेल ने कहा, ”यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष के नेता को आमंत्रित नहीं किया गया है. सभी को अलग-अलग विचारों का सम्मान करना चाहिए. लोकतंत्र में विपक्ष की अहम भूमिका होती है और ऐसे में अगर उन्हें आमंत्रित नहीं किया गया है, तो यह लोकतंत्र पर हमला है.” यह पूछे जाने पर कि क्या वह रात्रिभोज में शामिल होने जा रहे हैं, उन्होंने कहा, “कोई कैसे जा पाएगा क्योंकि यह ‘नो-फ्लाई’ ज.ोन है.”

कांग्रेस की तमिलनाडु इकाई के नेता मोहन कुमारमंगलम ने खरगे को आमंत्रित नहीं किए जाने को लेकर ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”मोदी है तो मनु है.” उन्होंने दावा किया, ”अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन में भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को आमंत्रित नहीं किया गया. नए संसद भवन के उद्घाटन समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू को आमंत्रित नहीं किया गया. कांग्रेस अध्यक्ष खरगे को जी20 रात्रिभोज में आमंत्रित नहीं किया गया.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav