अब संसद को मनमाने ढंग से नहीं चलाया जा सकेगा, जनांदोलन तेज होंगे: येचुरी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 11 Jun 2024 07:24 PM
अब संसद को मनमाने ढंग से नहीं चलाया जा सकेगा, जनांदोलन तेज होंगे: येचुरी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी ने मंगलवार को कहा कि लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संख्या कम होने का अर्थ है कि संसद को मनमाने ढंग से नहीं चलाया जा सकेगा. उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के लिए विपक्ष के अधिकतर नेताओं को निमंत्रण नहीं मिला था.

माकपा नेता ने कहा, ”ये परिणाम भाजपा और नरेन्द्र मोदी के लिए एक बड़ा झटका हैं…तथ्य यह है कि उन्होंने कल शपथ ली है, आपको ध्यान देने वाली महत्वपूर्ण बात यह है कि उन्होंने भाजपा के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ नहीं ली है. उन्होंने राजग सरकार के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली है.” येचुरी ने कहा, ”उन्होंने (भाजपा) इस पूरे चुनाव अभियान को 400 पार करने के लक्ष्य के साथ शुरू किया था. ‘400 पार’ का नारा दिया गया. अंतत? वे 240 तक पहुंचे. उनके पास पहले की तुलना में 63 सीटें कम है.”

शपथ ग्रहण समारोह में अधिकतर विपक्षी नेताओं के शामिल नहीं होने के बारे में पूछे जाने पर कहा, ”मुझे कोई निमंत्रण नहीं मिला…राजनीति में रहने के इन सभी वर्षों में संसद में प्रतिनिधित्व करने वाले राजनीतिक दलों के नेताओं को हमेशा ऐसे अवसरों के लिए आमंत्रित किया जाता है. लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ.”

उन्होंने कहा, ”संसद को उस तरह से मनमाने ढंग से नहीं चलाया जा सकता जैसा उन्होंने पिछले 10 वर्ष में चलाया.” युचेरी का कहना था, ”उम्मीद यह है कि यह हमारे देश और लोगों की रक्षा में एक बहुत मजबूत आवाज होगी. लोगों के मुद्दों को स्पष्ट रूप से उठाया जाएगा और संसद को चर्चा होगी, जो पिछले 10 वर्ष में नहीं हुई.” उन्होंने यह भी कहा कि जनांदोलनों को भी ताकत मिलेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu