ट्विटर का मालिक होना ‘दुखदायी’ लेकिन यह जरूरी भी था : मस्क

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 12 Apr 2023 07:11 PM
ट्विटर का मालिक होना ‘दुखदायी’ लेकिन यह जरूरी भी था : मस्क
ऑडियो सुनें

लंदन. कारोबारी एलन मस्क ने बीबीसी से बातचीत में कहा कि ट्विटर चलाना ‘‘काफी दुखदायी’’ रहा है, लेकिन पिछले साल इसे हासिल करने के बाद मोटे तौर पर कंपनी लाभ कमाने की स्थिति में पहुंचने को तैयार है. एक साक्षात्कार में मस्क ने छंटनी, गलत सूचना और अपनी कार्यशैली सहित आॅनलाइन मंच पर अपने स्वामित्व के बारे में चर्चा की. इस साक्षात्कार को मंगलवार देर रात ‘ट्विटर स्पेस’ पर भी प्रसारित किया गया.

उन्होंने ट्विटर के सैन फ्रांसिस्को मुख्यालय में ब्रिटिश प्रसारक को बताया, ‘‘यह उबाऊ नहीं था. यह काफी उतार-चढ़ाव भरा था.’’ मुख्यधारा के किसी समाचार संस्थान के लिये मस्क का साक्षात्कार करने का यह एक दुर्लभ मौका था. मस्क इलेक्ट्रिक वाहन बनाने वाली कंपनी ‘टेस्ला’ व रॉकेव व अंतरिक्षयान प्रक्षेपण के क्षेत्र से जुड़ी निजी क्षेत्र की कंपनी ‘स्पेस एक्स’ के भी मालिक हैं. पिछले साल 44 अरब अमेरिकी डॉलर में ट्विटर खरीदने के बाद मस्क द्वारा किए गए बदलावों में कंपनी के संचार विभाग को समाप्त करना भी शामिल था.

कंपनी से टिप्पणी मांगने के लिये ईमेल करने वाले संवाददाताओं को आॅटोमैटिक-जवाब में ‘पूप’ (पॉटी) इमोजी के साथ जवाब मिलता है. साक्षात्कार के दौरान कुछ मौकों पर माहौल तनावपूर्ण भी रहा, जब मस्क ने आॅनलाइन मंच पर अभद्र भाषा के बढ़ते स्तर के बारे में दावा करने के लिए रिपोर्टर को चुनौती दी थी. हल्के-फुल्के पलों में मस्क अपने ही मजाक पर हंसते दिखे और एक से ज्यादा बार इस बात का उल्लेख किया कि वह सीईओ नहीं थे बल्कि उनका कुत्ता फ्लोकी सीईओ था.

उन्होंने इस बात का भी खुलासा किया कि कई बार वह ट्विटर के सैन फ्रांसिस्को कार्यालय में सोफे पर सो जाते हैं. कारोबारी ने कहा कि जिन विज्ञापनदाताओं ने मस्क के उथल-पुथल भरे अधिग्रहण के मद्देनजर मंच को छोड़ दिया था, उनमें से ज्यादातर लौट आए हैं. उन्होंने हालांकि इस संबंध में विवरण नहीं दिया.

मस्क ने पूर्वानुमान व्यक्त किया कि मौजूदा रुझान जारी रहने पर मौजूदा तिमाही में ट्विटर की आय सकारात्मक हो सकती है.
ट्विटर क्योंकि एक निजी कंपनी है, उसके वित्त के बारे में सूचनाएं सत्यापित नहीं की जा सकती. आॅनलाइन मंच का अधिग्रहण करने के बाद मस्क ने लागत कम करने के प्रयास के तहत बड़े पैमाने पर छंटनी की थी. उन्होंने कहा कि ट्विटर के कार्यबल को पूर्व में 8000 कर्मचारियों से घटाकर करीब 1500 कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि यह कुछ ऐसा है जिसे किया जाना था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu