पहलगाम आतंकवादी हमला : गृहमंत्री अमित शाह ने घटनास्थल का दौरा किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 23 Apr 2025 07:46 PM
पहलगाम आतंकवादी हमला : गृहमंत्री अमित शाह ने घटनास्थल का दौरा किया
ऑडियो सुनें

पहलगाम/नयी दिल्ली. जम्मू-कश्मीर में पहलगाम के निकट बैसरन में पर्यटक स्थल पर मंगलवार को आतंकवादियों के नृशंस हमले में 26 लोगों के मारे जाने के एक दिन बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बुधवार को घटनास्थल का दौरा किया तथा सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से संवाद किया.

सूत्रों ने बताया कि शाह हेलीकॉप्टर से बैसरन पहुंचे और सुरक्षा अधिकारियों ने उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी. सूत्रों ने बताया कि गृहमंत्री को घटनाक्रम और उन संभावित मार्गों के बारे में भी बताया गया, जिनसे आतंकवादी घने देवदार के जंगलों से घिरे इस लोकप्रिय पर्यटन स्थल तक पहुंचे.

जम्मू-कश्मीर पुलिस के महानिदेशक नलिन प्रभात और सेना की 15वीं कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल प्रशांत श्रीवास्तव उन वरिष्ठ अधिकारियों में शामिल थे, जो शाह के दौरे के दौरान घटनास्थल पर मौजूद रहे. यह स्थान श्रीनगर से करीब 110 किलोमीटर दूर है.
शाह ने क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण भी किया.

इससे पहले, शाह ने आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए यहां पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित शोक समारोह में पुष्पचक्र अर्पित किया. उन्होंने वहां जोर देकर कहा कि देश आतंकवाद के आगे नहीं झुकेगा और पहलगाम में पर्यटकों की हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा.

शाह ने दोपहर में अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल का भी दौरा किया और वहां भर्ती कुछ घायलों से मुलाकात की. गृहमंत्री के साथ उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी थे. आतंकवादियों ने मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में एक प्रमुख पर्यटक स्थल पर हमला किया, जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए और कई घायल हो गए. इनमें ज्यादातर पर्यटक थे. शाह हमले के कुछ घंटों के भीतर मंगलवार रात को श्रीनगर पहुंचे और उन्हें पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने स्थिति के बारे में जानकारी दी. गृहमंत्री ने एक सुरक्षा समीक्षा बैठक की भी अध्यक्षता की, जिसमें उपराज्यपाल भी शामिल हुए.

पहलगाम हमले में मारे गए लोगों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई, अमित शाह पीड़ितों से मिले
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में मारे गए 26 लोगों के शवों पर बुधवार को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और हमले में बचे लोगों को आश्वासन दिया कि इस नृशंस कृत्य के दोषियों को न्याय के कठघरे में लाया जाएगा. शाह ने यहां पुलिस नियंत्रण कक्ष में आतंकवादी हमले के पीड़ितों के ताबूतों पर पुष्पचक्र अर्पित की. अधिकारियों ने बताया कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी. गृह मंत्री ने मारे गए लोगों के परिवारों और हमले में जीवित बचे अन्य लोगों से बाद में बात की.

अधिकारियों ने बताया कि शाह ने उन्हें आश्वासन दिया कि सुरक्षा बल इस घातक हमले के दोषियों को सजा दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे. शाह हमले के कुछ ही घंटों के भीतर मंगलवार रात को यहां पहुंचे और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात ने उन्हें स्थिति के बारे में जानकारी दी. गृह मंत्री ने एक सुरक्षा समीक्षा बैठक की भी अध्यक्षता की, जिसमें उपराज्यपाल भी शामिल हुए.

इससे पहले, कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों के शव बुधवार को श्रीनगर लाए गए.
एक अधिकारी ने इससे पूर्व कहा था, ”हमें 26 शव मिले हैं जिन्हें (बुधवार को) तड़के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) श्रीनगर लाया गया. शवों को पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) ले जाया जाएगा.” कश्मीर के पहलगाम शहर के निकट ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ के नाम से मशहूर पर्यटन स्थल बैसरन में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई. यह पिछले कई वर्षों में कश्मीर में आम नागरिकों को निशाना बनाकर किए गए सबसे भयावह आतंकवादी हमलों में से एक था.

एनआईए की टीम जम्मू-कश्मीर के पहलगाम पहुंची

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की एक टीम बुधवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम पहुंची, जहां मंगलवार को आतंकवादियों ने पर्यटकों पर भीषण हमला किया था. आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी. इस टीम का नेतृत्व एक महानिरीक्षक कर रहे हैं. सूत्रों ने बताया कि यह टीम मंगलवार को हुए नृशंस आतंकवादी हमले की जांच कर रही स्थानीय पुलिस को सहायता प्रदान करेगी. पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में कम से कम 26 लोग मारे गए जिनमें ज्यादातर पर्यटक शामिल हैं.

सूत्रों ने बताया कि आतंकवाद निरोधक एजेंसी की टीम ने पहलगाम के निकट बैसरन घाटी का दौरा किया, जहां मंगलवार को घातक आतंकवादी हमला हुआ था. सुरक्षा एजेंसियों ने इस जघन्य हमले में शामिल होने के संदेह में तीन लोगों के स्केच जारी किए हैं. अधिकारियों ने बताया कि तीनों की पहचान पाकिस्तानी लोगों के रूप में हुई है, जिनके नाम आसिफ फौजी, सुलेमान शाह और अबू तल्हा हैं.

सूत्रों ने कहा कि ये रेखाचित्र जीवित बचे लोगों द्वारा हमलावरों के बारे में दिए गए विवरण की मदद से तैयार किए गए. पाकिस्तान के आतंकवादी समूह लश्कर-ए-तैयबा के मुखौटा संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) ने हमले की जिम्मेदारी ली है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu