केजरीवाल की गिरफ्तारी की योजना, विपक्ष के शीर्ष नेताओं को निशाना बना रही भाजपा: आप

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 01 Nov 2023 08:07 PM
केजरीवाल की गिरफ्तारी की योजना, विपक्ष के शीर्ष नेताओं को निशाना बना रही भाजपा: आप
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को आरोप लगाया कि 2024 लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के शीर्ष नेताओं को निशाना बनाने की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की योजना के हिस्से के रूप में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार होने वाले पहले नेता होंगे.

आप नेता राघव चड्ढा ने यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए दावा किया कि 2014 से जांच एजेंसियों ने 95 प्रतिशत मामले विपक्षी नेताओं के खिलाफ दर्ज किए हैं. उन्होंने कहा, ”इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस ‘इंडिया’ गठबंधन बनने के बाद से भाजपा परेशान हो चुकी है. हमें सूत्रों से पता चला है कि उन्होंने (भाजपा ने) ‘इंडिया’ गठबंधन के शीर्ष नेताओं को निशाना बनाने की योजना बनाई है. इस योजना के तहत पहली गिरफ्तारी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की होगी.”

चड्ढा ने कहा, ”भाजपा जानती है कि वह दिल्ली में सभी सातों लोकसभा सीटें हार रही है. इसलिए वह केजरीवाल को गिरफ्तार करने की योजना बना रही है ताकि ‘आप’ चुनाव न लड़ सके. ” आप नेता ने एक सूची साझा की है, जिसमें जांच एजेंसियों द्वारा निशाना बनाए जाने वाले लोगों के नाम शामिल हैं.

उन्होंने आरोप लगाया, ”केजरीवाल के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया जाएगा और उसके बाद बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी का नंबर है. इन नेताओं के बाद वे (भाजपा) केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और फिर महाराष्ट्र की शिवसेना व राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के शीर्ष नेताओं को गिरफ्तार करेंगे.” राघव के आरोपों पर भाजपा की ओर से कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं आई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu