”वोट चोरी की व्यवस्था’ का उपयोग बिहार में भी करने की तैयारी: राहुल

हरियाणा का विधानसभा चुनाव 'चोरी' हुआ था, भाजपा सरकार वैध नहीं: राहुल

नयी दिल्ली/बेंगलुरु/मुंबई/चेन्नई. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और निर्वाचन आयोग द्वारा ”भारतीय लोकतंत्र की हत्या” करने के लिए ”वोट चोरी’ की जो व्यवस्था विकसित की गई है, उसका उपयोग बिहार विधानसभा चुनाव में भी किया जाएगा. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से एक दिन पहले संवाददाता सम्मेलन में यह दावा किया. उन्होंने यह दावा करते हुए विस्तृत प्रस्तुति दी कि पिछले साल हरियाणा विधानसभा चुनाव ”चोरी” किया गया था.

राहुल गांधी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दो निर्वाचन आयुक्तों की तस्वीर की ओर इशारा करते हुए आरोप लगाया, ”यह बहुत स्पष्ट है कि वोट चोरी के लिए कौन जिम्मेदार है. इन सज्जनों ने यह सुनिश्चित करने के लिए भाजपा के साथ मिलीभगत की कि कांग्रेस हरियाणा में चुनाव नहीं जीत सके. निर्वाचन आयोग ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री (अमित शाह) के साथ साझेदारी की है और उन्होंने इस देश की लोकतांत्रिक बुनियाद को नष्ट कर दिया है.”

उन्होंने दावा किया, ”हमारे सामने यह स्पष्ट है कि ‘वोट चोरी’ अब एक व्यवस्था बन गयी है. यह औद्योगीकरण का रूप ले चुका है और इसका उपयोग किसी भी राज्य में किया जा सकता है. इसका उपयोग बिहार में होने जा रहा है और मुझे विश्वास है कि बिहार चुनाव के बाद हमें वही रिकॉर्ड मिलेंगे.” राहुल गांधी ने एक सवाल के जवाब में कहा, ”एक देशभक्त भारतीय के रूप में यह मेरा कर्तव्य है और विपक्ष के नेता के रूप में मेरी भूमिका आपको हकीकत की उस दुनिया से अवगत कराना है जिसमें आप रह रहे हैं. विपक्ष कैसे आगे ब­ढ़ता है, हम उस पर समन्वय करेंगे और मिलकर काम करेंगे.’

हरियाणा का विधानसभा चुनाव ‘चोरी’ हुआ था, भाजपा सरकार वैध नहीं: राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ”वोट चोरी” के खिलाफ अपनी मुहिम को जारी रखते हुए बुधवार को हरियाणा की मतदाता सूची से जुड़े आंकड़े सामने रखे और दावा किया कि पिछले साल अक्टूबर में हुए राज्य विधानसभा चुनाव को 25 लाख फर्जी मतों के जरिये चोरी किया गया था. उन्होंने निर्वाचन आयोग पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ मिलीभगत का आरोप भी लगाया और कहा कि न सिर्फ हरियाणा की सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वैध रूप से पद पर नहीं हैं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी सरकार में वैध रूप से नहीं हैं.

निर्वाचन आयोग के अधिकारियों का कहना है कि राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोप ”निराधार” हैं क्योंकि प्रदेश में उनके पार्टी के बूथ एजेंट की ओर से मतदाता सूची के खिलाफ कोई अपील दायर नहीं की गई. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने संवाददाता सम्मेलन में एक लंबी प्रस्तुति दी और कहा कि हरियाणा में ‘वोट चोरी’ को लेकर वह जो बातें कर रहे हैं वो सौ फीसदी सबूत पर आधारित हैं. उन्होंने इस बात का उल्लेख किया कि हरियाणा में सर्वेक्षणों में कांग्रेस की जीत की संभावना जताई गई थी, लेकिन सुनियोजित ढंग से कांग्रेस की तय जीत को हार में बदला गया.गांधी ने कहा, ”मैं ‘जेन जेड’ से कहना चाहता हूं कि देखिये कि कैसे आपके भविष्य की चोरी की जा रही है.” उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के एक बयान का वीडियो दिखाया जिसमें सैनी ने कथित तौर पर सरकार बनाने की ”व्यवस्था” होने की बात की थी.

निर्वाचन आयोग निष्पक्ष नहीं, हरियाणा में ‘सरकारी की चोरी’ की गई: हुड्डा

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कथित ‘वोट चोरी’ के विषय को लेकर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और निर्वाचन आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में ‘सरकार की चोरी’ कर ली गई. उन्होंने संवाददाताओं से यह भी कहा कि हरियाणा समेत पूरे देश में मत पत्र से चुनाव कराए जाने चाहिए. हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी संविधान और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं.

हरियाणा में कथित ”वोट चोरी” से संबंधित राहुल गांधी के संवाददाता सम्मेलन के बाद उन्होंने कहा, ”हरियाणा में नतीजों के बाद से यह चर्चा थी कि प्रदेश के लोगों की आवाज दबाई गई है. अब तो बिल्कुल स्पष्ट है कि किस तरह से सरकार की चोरी की गई है.” उनका कहना था, ”अब तक यही होता था कि जो मतपत्रों की गिनती में जीतता था, वही चुनाव जीतता था. लेकिन पिछली बार उल्टा हुआ.” हुड्डा ने दावा किया कि मतदान के बाद और उसके अगले दिन कुल पड़े वोट के जो आंकड़े बताए गए उनमें करीब छह प्रतिशत का अंतर था.

सिद्धरमैया ने आयोग पर लोकतांत्रिक व्यवस्था का ‘गला घोंटने’ के लिए केंद्र के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने हरियाणा मतदाता सूची में 25 लाख फर्जी नाम डालने के कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दावों का बुधवार को हवाला देते हुए निर्वाचन आयोग पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार के साथ मिलकर उस लोकतांत्रिक व्यवस्था का ”गला घोंटने” का आरोप लगाया जिसकी रक्षा करने का दायित्व आयोग पर है.

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से भी कहा कि वे अपने “आकाओं” को बचाने की कोशिश न करें और सच्चाई स्वीकार करें. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को दावा किया कि पिछले साल हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में 25 लाख फर्जी मतों के जरिये चुनाव चोरी किया गया. उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि निर्वाचन आयोग ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ साठगांठ करके ”वोट चोरी” करवाई है.

सिद्धरमैया ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर भारत की चुनाव प्रणाली में व्यवस्थित चुनावी कदाचार का काला चेहरा उजागर किया है.” उन्होंने कहा कि कर्नाटक के महादेवपुरा और अलंद विधानसभा क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर मतदाता धोखाधड़ी का खुलासा करने के बाद, गांधी ने अब दस्तावेजी सबूत पेश किए हैं, जिनसे पता चलता है कि हरियाणा में पूरे चुनाव परिणाम में किस तरह हेरफेर किया गया.

एमवीए में कांग्रेस के सहयोगियों ने राहुल गांधी के वोट हेरफेर के आरोप का समर्थन किया

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद पवार) और शिवसेना (उबाठा) ने बुधवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का समर्थन किया, जिन्होंने निर्वाचन आयोग पर आरोप लगाया है कि उसने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 2024 का हरियाणा विधानसभा चुनाव जीतने में मदद की.

बारामती से सांसद एवं राकांपा (एसपी) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले और शिवसेना (उबाठा) के विधायक आदित्य ठाकरे ने निर्वाचन आयोग पर निशाना साधने के लिए राहुल गांधी की एक प्रस्तुति का हवाला दिया. दोनों दल महाराष्ट्र में विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) में कांग्रेस के सहयोगी हैं.

सुले ने कहा कि गांधी ने “मतदाता सूची में अनियमितता का चौंकाने वाला ब्योरा” पेश किया है. उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा कि यह “खुलासा” आंकड़ों पर आधारित है और पत्रकारों को भी इसे स्वयं सत्यापित करना चाहिए. उन्होंने कहा, “निर्वाचन आयोग मतदाता सूची और मतदान में डुप्लिकेट प्रविष्टि कैसे रोकेगा? हरियाणा की मतदाता सूची में एक अनिवासी भी मतदाता के रूप में दर्ज है.” कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में 25 लाख फर्जी मतों के जरिये चुनाव ”चोरी” किया गया. उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि निर्वाचन आयोग ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ सांठगांठ करके ”वोट चोरी” करवाई है.

स्टालिन ने ‘हरियाणा में वोट चोरी’ के आरोपों पर राहुल गांधी का समर्थन किया

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने बुधवार को कहा कि हरियाणा में ”वोट चोरी” को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा पेश किये गये ”सबूत” चौंकाने वाले हैं. उन्होंने दावा किया कि जनता के लोकतांत्रिक फैसले को चुराकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बेनकाब हो गयी है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक बार फिर भाजपा की चुनावी जीत की सत्यता पर बड़ा संदेह पैदा हो गया है और हरियाणा में वोट चोरी के संबंध में गांधी द्वारा पेश किए गए पुख्ता सबूत चौंकाने वाले हैं.

स्टालिन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “भाजपा 2014 में नफरत भड़काकर और झूठे वादे करके सत्ता में आई थी. अब सभी चुनावी कदाचारों को पार करते हुए, उन्होंने मतदाता सूची को भी नहीं छोड़ा और लोगों के लोकतांत्रिक फैसले को चुरा लिया. भाजपा आज बेनकाब हो गई है.” उन्होंने कहा, ”इस चोरी का अगला चरण विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की आड़ में लोगों के मताधिकार को छीनने की साजिश है, और बिहार तथा आज हरियाणा पर जारी सबूत इसका प्रमाण हैं!”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button