भरोसा तोड़ने वालों के सरदार हैं प्रधानमंत्री मोदी: खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 02 Oct 2024 07:57 PM
भरोसा तोड़ने वालों के सरदार हैं प्रधानमंत्री मोदी: खरगे
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ”हरियाणा की जनता से किए वादे पूरे नहीं करने” के लिए बुधवार को भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भरोसा तोड़ने वालों के भी सरदार हैं. उन्होंने चरखी दादरी में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि हरियाणा की जनता इस विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जिताने का फैसला कर चुकी है.

उनका कहना था, ”आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी और भारत के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती है. मैं इन दोनों महान हस्तियों को नमन करता हूं. महात्मा गांधी जी ने सत्य और अहिंसा का पाठ पढ़ाया. कहना नहीं चाहता लेकिन आज के सत्ताधारी लोग कितना सच बोलते है और कितना झूठ.” खरगे ने आरोप लगाया, ”मोदी जी तो भरोसा तोड़ने वालों के भी सरदार हैं. उनके सैकड़ों झूठ आप लोग देख चुके हैं. खाते में 15 लाख देने से लेकर महँगाई कम करने और सालाना दो करोड़ नौकरी, ये सब झूठ निकला.” इस चुनावी जनसभा में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक भी मौजूद थे.

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ”लाल बहादुर शास्त्री जी ने ह्लजय जवान, जय किसानह्व का नारा दिया. हरियाणा ‘जय जवान, जय किसान’ की धरती है. लेकिन 10 सालों में मोदीजी की डबल इंजन सरकार ने जवान और किसान दोनों को बर्बाद किया.” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, ”जो व्यक्ति 10 साल तक प्रधानमंत्री रहे, क्या वह झूठ बोल सकते हैं? क्या पूर्व प्रधानमंत्रियों पंडित जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी या राजीव गांधी ने ऐसी बात कही थी.”

खरगे के अनुसार, ”उन्होंने (प्रधानमंत्री मोदी) कहा कि कांग्रेस के लोगों ने अपना काला धन विदेशों में छिपा रखा है और वह (मोदी) इसे वापस लाएंगे और सभी की जेब में 15 लाख रुपये डालेंगे.” कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘हर साल युवाओं को 2 करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था. कहां गईं वो 20 करोड़ नौकरियां जो उन्हें दस साल में देनी थीं?” उन्होंने कहा कि भाजपा अब हरियाणा में चुनाव के दौरान कह रही है कि वे पांच लाख नौकरियां देंगे, जबकि उन्होंने 1.60 लाख से अधिक रिक्त पदों को नहीं भरा.

खरगे ने कहा, ”मनोहर लाल खट्टर साढ़े नौ साल तक मुख्यमंत्री रहे, लेकिन उन्हें बदल दिया गया. उन्हें बदला गया क्योंकि इंजन फेल हो गया था. अगर उनका काम ठीक था, अगर उन्होंने अपने वादे पूरे किए होते, तो बदलाव की क्या जरूरत थी? सच यह है कि उन्होंने उन्हें बदल दिया, इसका मतलब है कि वे लोगों से किए गए वादे पूरे नहीं कर पाए.” कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि लोग आज भी भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समय में किए गए कार्यों को याद करते हैं. उनका कहना था कि उनकी पार्टी जो कहती है वह करती है.

उन्होंने आरोप लगाया, ”मैं बार-बार कहता रहता हूं कि भाजपा ‘झूठों की सरदार’ है और मोदी झूठ बोलने में माहिर हैं. वह झूठ बोलने से डरते नहीं हैं.” उन्होंने कहा, ”राहुल गांधी जी की भारत जोड़ो यात्रा में भी मैंने हरियाणा के लोगों का जोश देखा था. अभी उनकी हरियाणा विजय संकल्प यात्रा चल रही है, उसमें साफ दिख रहा है कि कांग्रेस पार्टी सरकार ही नहीं बल्कि प्रचंड बहुमत से इतिहास बनाने जा रही है. खरगे ने दावा किया कि इस बार हरियाणा की जनता ने ठान लिया है, कांग्रेस पार्टी को जिताएगे और दिल से जिताएंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu