‘देश की महिलाओं को हुआ नुकसान, कांग्रेस को झेलना होगा आक्रोश’, रिजिजू का विपक्ष पर हमला

नई दिल्ली: लोकसभा में बीते दिन संविधान संशोधन से जुड़े विधेयक पारित नहीं हुए। इसे लेकर एक तरफ कांग्रेस जश्न मना रही है और उसकी तरफ से केंद्र सरकार पर कई आरोप भी लगाए गए हैं। वहीं इसके जवाब में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राजनीति से प्रेरित होकर और महिलाओं को अधिकार न देने की मानसिकता के साथ कांग्रेस और विपक्ष ने संविधान संशोधन विधेयक पारित नहीं होने दिया। हम दुखी इसलिए हैं क्योंकि इससे देश की महिलाओं को नुकसान हुआ है। देश की बागडोर संभालने और निर्णय प्रक्रिया में उन्हें प्रतिनिधित्व देने का प्रयास सफल नहीं हो सका। अब कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को महिलाओं का आक्रोश झेलना पड़ेगा।

‘हम महिलाओं को उनका हक दिला रहे थे’

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, कल संसद में जो हुआ उसे देश ने देखा है। नारी शक्ति बिल, बहुमत न मिलने के कारण पारित नहीं हो सका है। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने इस गंभीर मुद्दे को भी राजनीति से देखा और राजनीति से प्रेरित होकर काम किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के साथ न आने के कारण नारी शक्ति बिल को दो तिहाई बहुमत हमें नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने जिस तरह का काम किया है उसका जवाब अब उन्हें महिलाओं को देना होगा। उन्होंने कहा कि हम महिलाओं को उनका हक दिला रहे थे लेकिन विपक्ष महिलाओं को आरक्षण न देकर इसका जश्न मना रहा है।

कांग्रेस पर लगा महिला विरोधी ठप्पा, कभी नहीं हटने वाला’

किरेन रिजिजू ने आगे कहा, ‘कांग्रेस के साथ महिला विरोधी होने का जो ठप्पा लग गया है, वह कभी हटने वाला नहीं है। महिलाओं को अधिकार नहीं दिए जाने पर वे जश्न मना रहे हैं? बिल को गिराकर वे जश्न मना रहे हैं? इससे बड़ी महिला विरोधी मानसिकता क्या होगी? उन्होंने अपनी छवि साबित कर दी है। इस पर बहानेबाजी नहीं चाहिए। कांग्रेस को जश्न मनाने की जरूरत नहीं है। यह शर्मनाक बात है। हमने पूरा प्रयास किया। इसके लिए हम प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देते हैं।’

कांग्रेस हमेशा से महिलाओं के खिलाफ रही’

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, नारी शक्ति बिल खुद विपक्ष ने गिराया और अब बहानेबाजी कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बिल को लेकर किसी भी तरह की बहानेबाजी अब नहीं चलेगी। रिजिजू ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि इस पार्टी की सोच ही महिला विरोधी है। कांग्रेस हमेशा से महिलाओं के खिलाफ रही है। कांग्रेस अब कुछ भी कहे लेकिन उसके ऊपर महिला विरोधी दाग लग चुका है। कांग्रेस और उनके दल अब इससे बच नहीं पाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button