प्रवर्तकों ने 2.15 अरब डॉलर का कर्ज लौटाकर शेयर छुड़ाए, कंपनियों का ऋण बाकी: अडाणी समूह

अडाणी समूह की सात कंपनियों के शेयर चढ़े, अडाणी एंटरप्राइजेज में 8.75 प्रतिशत की बढ़त

नयी दिल्ली. शेयरों में भारी उतार-चढ़ाव का सामना कर रहे अडाणी समूह ने प्रवर्तक स्तर पर शेयर गिरवी रखकर लिए गए 2.15 अरब डॉलर के समूचे कर्ज के भुगतान का दावा करते हुए कहा है कि सिर्फ परिचालन वाली कंपनी के स्तर पर लिया गया कर्ज ही बकाया है.
अडाणी समूह ने शेयरों के एवज में लिए गए 2.15 अरब डॉलर के कर्ज का भुगतान नहीं किए जाने की खबरों को ‘आधारहीन एवं जानबूझकर की गई शरारत’ बताते हुए खारिज कर दिया है.

समूह ने बयान में कहा, ‘‘अडाणी ने 12 मार्च की घोषणा के अनुरूप शेयरों के एवज में लिए गए 2.15 अरब डॉलर के समूचे कर्ज को चुका दिया है. इन कर्जों के लिए गिरवी रखे गए सारे शेयर छुड़ा लिए गए हैं.’’ इसके साथ ही अडाणी समूह ने कहा, ‘‘प्रवर्तकों के स्तर पर लिए गए सारे शेयर-सर्मिथत कर्ज चुका दिए गए हैं जबकि परिचालन कंपनियों द्वारा शेयर गिरवी रखकर लिया गया कर्ज बाकी है.’’

बयान के मुताबिक, ‘‘इस भुगतान के बाद अडाणी ग्रीन, अडाणी पोर्ट्स, अडाणी ट्रांसमिशन और अडाणी एंटरप्राइजेज के गिरवी रखे गए शेयरों में खासी गिरावट आई है और सिर्फ परिचालक कंपनियों की तरफ से गिरवी रखे गए शेयरों का भुगतान ही बकाया है.’’ परिचालन कंपनियों के कर्ज उनकी मौजूदा ऋण संरचना का हिस्सा हैं और गत 24 जनवरी को हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद किसी भी परिचालन इकाई ने कोई नया कर्ज नहीं लिया है. हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में अडाणी समूह पर वित्तीय धांधली और शेयरों में हेराफेरी के आरोप लगाए गए थे.

अडाणी समूह की तरफ से यह बयान शेयर बाजारों को दी गई सूचनाओं के आधार पर जारी मीडिया रिपोर्ट के बाद आया है. इन खबरों में कहा गया था कि प्रवर्तकों के गिरवी रखे गए शेयरों के बड़े हिस्से को बैंकों ने अभी जारी नहीं किया है. इससे बकाया कर्ज को न चुकाने के संकेत मिलते हैं. अडाणी समूह ने 12 मार्च को कहा था कि उसने शेयर गिरवी रखकर लिये गये 2.15 अरब डॉलर का कर्ज लौटा दिया है. उसने कहा था कि ये कर्ज 31 मार्च, 2023 की समयसीमा से पहले लौटाये गये हैं.

अडाणी समूह की सात कंपनियों के शेयर चढ़े, अडाणी एंटरप्राइजेज में 8.75 प्रतिशत की बढ़त

अडाणी समूह की 10 सूचीबद्ध कंपनियों में से सात के शेयर बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए. समूह की प्रमुख कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर सबसे अधिक 8.75 प्रतिशत चढ़ गया. इससे पहले लगातार दो दिन तक अडाणी समूह की कंपनियों में गिरावट रही थी.

बीएसई पर अडाणी एंटरप्राइजेज के बाद अडाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड में सर्वाधिक 7.25 प्रतिशत की तेजी रही. अडाणी विल्मर में पांच प्रतिशत, एनडीटीवी में 4.99 प्रतिशत, अडाणी पावर में 4.98 प्रतिशत, अंबुजा सीमेंट्स में 1.52 प्रतिशत और एसीसी में 0.78 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई.

हालांकि, समूह की तीन अन्य कंपनियों के शेयर गिरावट पर बंद हुए. अडाणी ग्रीन एनर्जी में 4.45 प्रतिशत, अडाणी टोटल गैस में 4.28 प्रतिशत और अडाणी ट्रांसमिशन में 1.33 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. बीएसई का मानक सूचकांक सेंसेक्स 346.37 अंक यानी 0.60 प्रतिशत चढ़कर 57,960.09 अंक के साथ बंद हुआ.

अडाणी समूह की सभी 10 सूचीबद्ध कंपनियों के शेयरों में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट आई थी. सबसे अधिक नुकसान अडाणी एंटरप्राइजेज को हुआ था, जिसका शेयर सात प्रतिशत टूट गया था. समूह के प्रवर्तकों की तरफ से शेयर गिरवी रखकर लिए गए 2.15 अरब डॉलर के कर्ज को न चुकाने के बारे में खबरें आने के बाद इसके शेयर गिर गए थे.

हालांकि, समूह ने बयान जारी कर यह स्पष्ट किया है कि उसने प्रवर्तकों के गिरवी रखे गए शेयरों को छुड़ाने के लिए बकाया कर्ज का भुगतान कर दिया है. उसने कहा कि सिर्फ परिचालन करने वाली कंपनियों की तरफ से लिए गए कर्जों को चुकाना ही बाकी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button