रघुराज तिवारी एबीवीपी के नए अध्यक्ष, वीरेंद्र सोलंकी फिर से महासचिव चुने गए

नयी दिल्ली. मध्यप्रदेश में जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के रीवा परिसर में कृषि विज्ञान विभाग के प्रोफेसर रघुराज किशोर तिवारी को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की युवा शाखा ने बुधवार को यह जानकारी दी.

एमबीबीएस डिग्री धारक और इंदौर के ‘श्री अरबिंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज’ (एसएआईएमएस) से एमडी की पढ़ाई कर रहे वीरेंद्र सिंह सोलंकी को फिर से एबीवीपी का राष्ट्रीय महासचिव चुना गया है. एबीवीपी ने एक बयान में कहा, ”अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय महासचिव पद के लिए चुनाव प्रक्रिया आज सफलतापूर्वक पूरी हो गई और एबीवीपी के मुंबई स्थित केंद्रीय कार्यालय से परिणामों की घोषणा की गई.” इसमें कहा गया, ”रघुराज किशोर तिवारी राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए और डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी फिर से एबीवीपी के राष्ट्रीय महासचिव चुने गए हैं.”

बयान में कहा गया है, ”दोनों 28 से 30 नवंबर तक उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित होने वाले 71वें एबीवीपी राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान अपनी-अपनी जिम्मेदारियां संभालेंगे.” एवीबीपी ने कहा कि रीवा के रहने वाले तिवारी ने जबलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय से कृषि विज्ञान में पीएचडी की है. वर्तमान में, तिवारी उसी विश्वविद्यालय के रीवा परिसर में कृषि विज्ञान विभाग में प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं. संगठन ने कहा कि तिवारी 1987 से एबीवीपी से जुड़े हुए हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button