डब्ल्यूटीसी फाइनल से बाहर हुए राहुल, जांघ की सर्जरी करायेंगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 05 May 2023 08:36 PM
डब्ल्यूटीसी फाइनल से बाहर हुए राहुल, जांघ की सर्जरी करायेंगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज लोकेश राहुल ने शुक्रवार को स्वयं को आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल से बाहर कर दिया और मेडिकल टीम की सलाह पर उनकी जांघ की सर्जरी होगी. लखनऊ सुपर जाइंट्स के कप्तान राहुल इस हफ्ते इंडियन प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) के खिलाफ लगी चोट के कारण अनिश्चितकाल के लिए बाहर हो गए हैं. जसप्रीत बुमराह, श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत भी चोटों के कारण उपलब्ध नहीं हैं. डब्ल्यूटीसी फाइनल सात जून से लंदन के ‘द ओवल’ में खेला जाएगा.

राहुल ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर डाले गए बयान में कहा, ‘‘बेहद निराश हूं कि अगले महीने टीम इंडिया के साथ द ओवल नहीं जा पाऊंगा. भारतीय टीम की जर्सी दोबारा पहनने और अपने देश की मदद करने के लिए जो कर सकता हूं वह करूंगा. यही हमेशा मेरी प्राथमिकता रही है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘सतर्कता से विचार और चिकित्सा टीम के साथ सलाह मशविरे के बाद फैसला किया गया है कि मेरी जांघ की जल्द ही सर्जरी होगी.’’

राहुल ने कहा, ‘‘आगामी हफ्तों में मेरा पूरा ध्यान रिहैबिलिटेशन और उबरने पर रहेगा. यह मुश्किल फैसला था लेकिन मुझे पता है कि उबरने के लिए यह सही फैसला है.’’ इस बीच राहुल की आईपीएल फ्रेंचाइजी ने भी प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि इस बल्लेबाज के ‘टेंडन’ में चोट लगी है और उन्हें लंबे समय तक बाहर रहना पड़ सकता है.

सुपर जाइंट्स ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘…परीक्षणों और स्कैन ने दुर्भाग्य से उनके टेंडन में चोट की पुष्टि की है जिसके लिए सर्जरी करानी होगी.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम इस मुश्किल समय में राहुल को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं और उसके उबरने की राह पर उसकी सबसे अच्छी देखभाल सुनिश्चित करने के लिए उसके साथ काम कर रहे हैं. हालांकि चोट का मतलब है कि वह लंबे समय तक बाहर रह सकता है जिसमें आईपीएल का बाकी बचा सत्र भी शामिल है.’’

लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आरसीबी के खिलाफ बाउंड्री रोकने की कोशिश में राहुल को चोट लग गई जिसके बाद वह टीम फिजियो और एक खिलाड़ी की मदद से मैदान से बाहर गए थे. राहुल ने कहा, ‘‘टीम के कप्तान के रूप में मुझे इस महत्वपूर्ण अवधि के दौरान वहां (टीम के साथ) नहीं होने के कारण बहुत पीड़ा होती है लेकिन मुझे विश्वास है कि लड़के हमेशा की तरह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे. मैच देख रहे आप लोगों के साथ मैं मैदान के बाहर से उनकी हौसलाअफजाई करूंगा.’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने हर प्रशंसक का आभार व्यक्त करना चाहता हूं जिन्होंने मुझे वापसी करने की ताकत दी, सुपर जाइंट्स प्रबंधन और बीसीसीआई को उनकी मुस्तैदी के लिए और मेरे साथियों को इस कठिन समय में उनके अटूट समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं.’’ सोमवार को 127 रनों का पीछा करते हुए राहुल 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए उतरे लेकिन विकेटों के बीच दौड़ लगाने के लिए जूझते दिखे और आरसीबी ने आखिरी ओवर में जीत हासिल की.

राहुल ने कहा, ‘‘… मैं आप सभी को अपनी प्रगति के बारे में अपडेट रखने का वादा करता हूं और जल्द से जल्द मैदान पर वापस आने की उम्मीद करता हूं. पिछले कुछ दिन वास्तव में कठिन रहे हैं लेकिन शीर्ष पर वापसी के लिए प्रतिबद्ध हूं.’’ नियमित कप्तान की अनुपस्थिति में अनुभवी आॅलराउंडर कृणाल पंड्या ने आरसीबी के खिलाफ और चेन्नई सुपर ंिकग्स के खिलाफ सुपर जाइंट्स का नेतृत्व किया. सुपरंिकग्स के खिलाफ मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया. फ्रेंचाइजी ने कहा, ‘‘मैदान के अंदर और बाहर उनकी उपस्थिति सुपर जाइंट्स को बहुत खलेगी क्योंकि हम लगातार दूसरे साल प्लेआॅफ में पहुंचने के लिए अपना प्रयास जारी रखे हुए हैं. हम राहुल को मैदान पर वापस देखने का इंतजार नहीं कर सकते और आशा है कि वह जल्द से जल्द वापसी करेगा.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu