राजा रघुवंशी हत्याकांड: सोनम और उसके ‘प्रेमी’ के ‘नार्को टेस्ट’ के लिए उच्च न्यायालय जाएगा परिवार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 23 Jun 2025 10:01 PM
राजा रघुवंशी हत्याकांड: सोनम और उसके ‘प्रेमी’ के ‘नार्को टेस्ट’ के लिए उच्च न्यायालय जाएगा परिवार
ऑडियो सुनें

इंदौर/शिलांग. हनीमून के दौरान जान से मार डाले गए इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी के बड़े भाई ने सोमवार को कहा कि उनका परिवार इस बहुर्चिचत हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह का ‘नार्को टेस्ट’ कराने के लिए मेघालय उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगा.

राजा रघुवंशी के बड़े भाई विपिन ने यहां ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा,”मेरे भाई की हत्या का मकसद अब तक अस्पष्ट है. इसके बारे में सोनम और कुशवाह के ‘नार्को टेस्ट’ से सुराग मिल सकता है. लिहाजा हम दोनों आरोपियों के ‘नार्को टेस्ट’ के लिए मेघालय उच्च न्यायालय में जल्द ही याचिका दायर करेंगे.” उन्होंने संदेह जताया कि उनके भाई की हत्या के पीछे कथित ‘प्रेम त्रिकोण’ के अलावा आरोपियों द्वारा बड़ा आर्थिक लाभ हासिल करने का मकसद भी ही सकता है.

मेघालय में हनीमून मनाने गए राजा रघुवंशी की 23 मई को साजिशन हत्या कर दी गई थी. इस मामले में उनकी पत्नी सोनम और कुशवाह समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. राजा रघुवंशी, मेघालय में हनीमून के दौरान 23 मई को लापता हो गए थे. उनका क्षत-विक्षत शव पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र (जिसे चेरापूंजी भी कहा जाता है) में एक झरने के पास गहरी खाई में दो जून को मिला था. राजा रघुवंशी का परिवार ट्रांसपोर्ट के कारोबार से जुड़ा है. उनकी सोनम से शादी 11 मई को हुई थी और दोनों 20 मई को हनीमून के वास्ते मेघालय गए थे. मेघालय पुलिस का विशेष जांच दल (एसआईटी) राजा रघुवंशी की हत्या के मामले की विस्तार से तहकीकात कर रहा है.

रघुवंशी हत्याकांड: पुलिस ने इंदौर के फ्लैट मालिक को गिरफ्तार किया

मेघालय पुलिस ने सोमवार को इंदौर के उस फ्लैट मालिक को गिरफ्तार कर लिया, जहां सोनम रघुवंशी हनीमून के दौरान अपने पति की कथित रूप से हत्या कर पूर्वोत्तर राज्य से फरार होने के बाद ठहरी थी. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. इसके साथ ही इस बहुर्चिचत हत्याकांड में गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या बढ़कर आठ हो गई है, जिनमें सोनम, उसका प्रेमी राज कुशवाहा और तीन कथित हत्यारे शामिल हैं.

इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) के सदस्य कुछ दिन पहले मध्य प्रदेश गए थे. पूर्वी खासी हिल्स जिले के पुलिस अधीक्षक वी सिम ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “हमने राजा रघुवंशी की हत्या में संलिप्तता के आरोप में आज एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. उसकी पहचान ग्वालियर निवासी लोकेन्द्र सिंह तोमर के रूप में हुई है. वह उस फ्लैट का मालिक है, जहां सोनम, सोहरा से भागने के बाद इंदौर में रुकी थी.” उन्होंने कहा कि तोमर मामले के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्यों को नष्ट करने और छिपाने के सिलसिले में वांछित था. इससे पहले, एसआईटी ने शनिवार और रविवार को इंदौर में दो लोगों – एक प्रॉपर्टी डीलर और एक सुरक्षा गार्ड – को गिरफ्तार किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu