रेवन्ना मामला: भाजपा ने कर्नाटक सरकार के विलंब से कार्रवाई करने पर कांग्रेस पर किया पलटवार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 Apr 2024 07:46 PM
रेवन्ना मामला: भाजपा ने कर्नाटक सरकार के विलंब से कार्रवाई करने पर कांग्रेस पर किया पलटवार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/गुवाहाटी/हुबली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर सांसद प्रज्वल रेवन्ना को निलंबित करने के जनता दल (सेक्युलर) के फैसले का मंगलवार को स्वागत किया और कहा कि वह इस मामले के आरोपी के खिलाफ कानून की पूरी ताकत झोंकने का प्रयास करेगी. पार्टी ने इसके साथ ही कर्नाटक सरकार द्वारा देरी से की गई कार्रवाई के लिए कांग्रेस पर पलटवार भी किया.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य शीर्ष भाजपा नेताओं ने कर्नाटक में कांग्रेस सरकार से सवाल किया कि जब कानून और व्यवस्था राज्य का विषय है तो उसने प्रज्वल के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की. पुलिस ने रविवार को प्रज्वल रेवन्ना और उनके पिता एचडी रेवन्ना के खिलाफ यौन उत्पीड़न और आपराधिक धमकी के आरोपों के आधार पर मामला दर्ज किया. प्रज्वल पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा के पोते और पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी के भतीजे हैं.

कांग्रेस द्वारा कर्नाटक में जद (एस) के नेता के खिलाफ आरोपों को लेकर भाजपा पर निशाना साधने के एक दिन बाद शाह ने पलटवार करते हुए कहा, ”उस राज्य में किसकी सरकार है.” गुवाहाटी में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि मीडिया में रेवन्ना के बारे में जो खबरें आई हैं वह बहुत आहत करने वाली हैं और इसे किसी भी तरह बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है.

उन्होंने कहा, ”भाजपा का रुख बिल्कुल स्पष्ट है. हम मातृ और नारी शक्ति का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे.” केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस आरोप लगा रही है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के एक सहयोगी का उम्मीदवार इस घटना में शामिल है ”लेकिन मैं एक छोटा सा सवाल पूछना चाहता हूं कि उस राज्य (कर्नाटक) में किसकी सरकार है? उन्होंने कहा, ”कर्नाटक में कांग्रेस सत्ता में है और यह मामला उनके ध्यान में जरूर आया होगा. उसने अब तक इस पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं की? हम कोई कार्रवाई नहीं कर सकते क्योंकि कानून-व्यवस्था राज्य का मुद्दा है.”

महिला कांग्रेस ने रेवन्ना के मामले में महिला आयोग से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

कांग्रेस की महिला इकाई की अध्यक्ष अलका लांबा ने लोकसभा सदस्य प्रज्वल रेवन्ना से जुड़े ‘सेक्स स्कैंडल’ के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग की प्रमुख रेखा शर्मा से आग्रह किया कि आयोग सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निर्णायक कदम उठाए.

अलका ने रेखा शर्मा को पत्र लिखकर इस मामले में आयोग को विवरण भी दिया है और इसे महिलाओं के खिलाफ गंभीर अपराध का मामला बताया है. उधर, राष्ट्रीय महिला आयोग रेवन्ना की संलिप्तता वाले यौन उत्पीड़न के आरोपों पर कर्नाटक पुलिस से तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी है. आयोग ने मामले से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद कर्नाटक पुलिस महानिदेशक को एक पत्र लिखा.

हुबली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, एहतियातन हिरासत में लिया

हासन के सांसद प्रज्वल रेवन्ना की संलिप्तता वाले कथित ‘सेक्स स्कैंडल’ को लेकर यहां कांग्रेस और जनता दल (सेक्युलर) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के बाद मंगलवार को सतारूढ. पार्टी के 11 कार्यकर्ताओं को एहतियातन हिरासत में लिया गया. पुलिस ने यह जानकारी दी.

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डेनिसन्स होटल के सामने प्रदर्शन किया जहां जद (एस) पार्टी की कोर-कमेटी की बैठक हो रही थी. पुलिस ने बताया कि वहां मौजूद जद (एस) कार्यकर्ताओं ने वीडियो को कथित तौर पर लीक करने और महिलाओं की इज्जत उछलाने के लिए कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. होटल के बाहर स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस को इसे नियंत्रण में लाने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा.

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ”हमने तत्काल कदम उठाते हुए प्रदर्शनकारियों को एहतियातन गिरफ्तार कर लिया और उन्हें वहां से हटा दिया. कांग्रेस के करीब 11 कार्यकर्ताओं को एहतियातन हिरासत में लिया गया है और स्थिति को नियंत्रण में आ गयी है.” जद (एस) ने कथित ‘सेक्स स्कैंडल’ मामले में आज प्रज्वल रेवन्ना को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निलंबित कर दिया. पार्टी की कोर कमेटी ने जद (एस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा से प्रज्वल के निलंबन की सिफारिश की जिसके बाद यह कदम उठाया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu