रूस ने कीव पर ड्रोन और मिसाइलों से भीषण हमला किया

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 24 May 2025 04:00 PM
रूस ने कीव पर ड्रोन और मिसाइलों से भीषण हमला किया
ऑडियो सुनें

कीव: रूस ने यूक्रेन की राजधानी पर शनिवार तड़के ड्रोन और मिसाइलों से भीषण हमला किया, जिससे पूरे शहर में विस्फोटों की आवाज सुनाई दी और कीव के अनेक लोगों को भूमिगत ‘सबवे स्टेशन’ में शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा यह हमला ऐसे समय में किया गया जब कुछ घंटे पहले ही रूस और यूक्रेन के बीच बंदियों की अदला-बदली की शुरूआत हुई।

इस्तांबुल में पिछले सप्ताह हुई बैठक में दोनों पक्षों के बीच बनी सहमति के पहले चरण में सैकड़ों सैनिकों और आम लोगों को अदला-बदली के तहत रिहा किया गया। कीव सैन्य प्रशासन के कार्यवाहक प्रमुख तैमूर तकाचेंको ने सोशल मीडिया मंच ‘टेलीग्राम’ पर कहा कि शनिवार तड़के आसमान में रोकी गईं मिसाइल और ड्रोन का मलबा शहर के कम से कम चार जिलों में गिरा।

तकाचेंको के अनुसार, हमले के बाद छह लोगों को चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता पड़ी और कीव के सोलोमियान्स्की जिले में दो जगहों पर आग लग गई। हमले से पहले, शहर के मेयर विताली क्लित्स्को ने कीव निवासियों को सचेत किया था कि 20 से अधिक रूसी हमलावर ड्रोन कीव की ओर बढ़ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि हमले के दौरान ड्रोन का मलबा कीव के ओबोलोन जिले में एक ‘शॉंिपग मॉल’ और एक रिहायशी इमारत पर गिरा। क्लित्स्को ने कहा कि आपातकालीन सेवाएं घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। रूस और यूक्रेन के बीच एक-एक हजार बंदियों की अदला-बदली होनी है और शुक्रवार को इसका पहला चरण था।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि पहले चरण में 390 यूक्रेनी वापस लाए गए तथा सप्ताहांत में और लोगों को रहा किए जाने की उम्मीद है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसे भी यूक्रेन से भी इतने ही बंदी वापस मिले हैं।

यूक्रेन के एक अधिकारी ने बताया कि यह अदला-बदली उत्तरी यूक्रेन में बेलारूस की सीमा पर हुई। रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि रिहा किए गए रूसियों को चिकित्सा उपचार के लिए बेलारूस ले जाया गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital