भोपाल में 12 दिसंबर को इंडिया गठबंधन के बैनर तले विपक्ष बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रहा है। इसके लिए मध्य प्रदेश कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने एक से डेढ़ लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा है। कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और ममता बनर्जी समेत देशभर के विपक्षी नेताओं को आमंत्रित किया गया है। इस आयोजन के जरिए विपक्ष एसआईआर और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को घेरने की तैयारी में है। इस रैली के राजनीतिक मायने केवल चुनावी प्रक्रिया के विरोध तक सीमित नहीं हैं।
भाजपा शासित मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में राष्ट्रीय नेताओं को एक मंच पर लाने की कोशिश को 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष की रणनीतिक तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। खास बात यह है कि मध्य प्रदेश कांग्रेस में लंबे समय से जारी गुटबाजी के बीच अब पार्टी के अलग-अलग नेताओं को भी एक साथ सक्रिय होने और आयोजन की तैयारियों में जुटने का संदेश देने की कोशिश हो रही है। कांग्रेस के लिए यह अपने संगठन को एकजुट करने और भाजपा के खिलाफ साझा लड़ाई का माहौल बनाने का अवसर है।
लाल परेड मैदान के लिए कांग्रेस ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में दिया ज्ञापन
कार्यक्रम स्थल को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन से लाल परेड मैदान उपलब्ध कराने की मांग की है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला को ज्ञापन सौंपा। इसमें 12 दिसंबर के संविधान रक्षा मार्च और जनसभा के लिए लाल परेड मैदान की अनुमति मांगी गई है। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि पिछले तीन-चार महीनों में लाल परेड मैदान पर राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित हुए हैं। ऐसे में कांग्रेस के कार्यक्रम के लिए मैदान उपलब्ध कराने में परहेज क्यों किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि पार्टी को भी यह मैदान मिलना चाहिए।
नायक के मुताबिक, इतने बड़े आयोजन में एक से डेढ़ लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसलिए मैदान कम से कम सात दिन पहले उपलब्ध कराया जाना जरूरी है, ताकि डोम, साउंड सिस्टम, बैरिकेडिंग और दूसरी व्यवस्थाएं समय पर की जा सकें। उन्होंने आशंका जताई कि इंदौर की तरह भोपाल में भी कार्यक्रम को लेकर व्यवधान पैदा किए जा सकते हैं। प्रशासन की ओर से प्रतिनिधिमंडल को बताया गया है कि आवेदन यातायात विभाग और सातवीं बटालियन के समन्वय से नियमानुसार आगे बढ़ाया जाएगा।