उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में ट्रेन की चपेट में आने से छह यात्रियों की मौत

मिर्जापुर. उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में चुनार रेलवे स्टेशन पर बुधवार को ट्रेन की चपेट में आने से छह महिलाओं की मौत हो गई. रेलवे के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) शशिकांत त्रिपाठी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि दुर्घटना सुबह करीब सा­ढ़े नौ बजे हुई जब यात्री गाड़ी संख्या 13309 चोपन प्रयागराज एक्सप्रेस से पटरी वाली तरफ उतर गए. उन्होंने कहा कि इस दौरान वे सामने से आ रही गाड़ी संख्या 12311 नेताजी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए.

इस बीच, मिर्जापुर के जिलाधिकारी पवन गंगवार ने घटनास्थल पर संवादददाताओं से कहा कि यह घटना सुबह करीब सा­ढ़े नौ बजे हुई जब ट्रेन से आ रहे कई यात्री प्लेटफॉर्म के बजाय पटरियों की तरफ उतर गए. उन्होंने कहा, ”वे विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य ट्रेन की चपेट में आ गए, जिसका यहां ठहराव नहीं था. इस घटना में मिर्जापुर की पांच और सोनभद्र की एक महिला की मौत हो गई.” उन्­होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि यात्रियों ने जल्दबाजी में पटरी पार करने की कोशिश की, यह सोचकर कि वे प्लेटफॉर्म पर जल्दी पहुंच जाएंगे. गंगवार ने पुष्टि की कि दुर्घटना में कोई घायल नहीं हुआ और ट्रेन की चपेट में आए सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.

सीपीआरओ त्रिपाठी ने बताया कि ये लोग कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए यहां आए थे. पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रशांत वर्मा ने बताया, ”मरने वालों में सभी महिलाएं हैं, जिनमें से पांच की पहचान हो गई है. एक महिला का शव बुरी तरह से क्षत-विक्षत है और उसकी पहचान नहीं हो पाई है.” उन्होंने बताया कि पांच महिलाओं की पहचान सविता (37), साधना (16), शिव कुमारी (12), अंजू देवी (20), और कलावती (50) के रूप में हुई है.” अधिकारी ने कहा कि सभी शव पोस्टमार्टम के लिये मिर्जापुर भेज दिये गए हैं. इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है.

रेलवे ने कहा कि चोपन-प्रयागराज एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म संख्या चार पर रुकी और यात्री फुटओवर ब्रिज होने के बावजूद पटरी की तरफ उतरने लगे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ितों के परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव व राहत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया. राष्ट्रीय और राज्य आपदा मोचन बलों को दुर्घटनास्थल पर पहुंचने का आदेश दिया गया है. केंद्रीय मंत्री एवं मिर्जापुर की सांसद अनुप्रिया पटेल ने ‘एक्स’ पर एक संदेश में घटना को लेकर दुख व्यक्त किया.

उन्होंने कहा, ”मिर्जापुर संसदीय क्षेत्र के चुनार रेलवे स्टेशन पर आज हुई हृदय विदारक घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है. जिला अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने, राहत कार्यों में तेजी लाने और घायलों का उचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.” सांसद ने कहा, ”दुख की इस घड़ी में, मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं और मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दे.” समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्­यमंत्री अखिलेश यादव ने मिर्जापुर में हुई घटना पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की.

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने भी अपनी संवेदना व्यक्त की और पीड़ितों के परिवारों के लिए उचित मुआवजे की मांग की. उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मामले की जांच और उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की जिनकी लापरवाही के कारण यह घटना हुई. जिलाधिकारी गंगवार ने कहा कि यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि क्या रेलवे अधिकारियों की ओर से कोई लापरवाही या प्रक्रियात्मक चूक हुई है.

उन्होंने कहा, ”प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि आज ट्रेन का प्लेटफॉर्म बदला गया था. अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि यह बदलाव किन परिस्थितियों में किया गया और क्या यात्रियों के लिए पर्याप्त घोषणा की गई थीं.” इस बीच, स्टेशन पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने जिलाधिकारी को बताया कि यह घटना रेलवे विभाग की लापरवाही के कारण हुई. कई स्थानीय लोगों के साथ मौजूद प्रत्यक्षदर्शी ने यह भी दावा किया कि इस रूट पर पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, क्योंकि यात्रियों को अक्सर फुट ओवरब्रिज का इस्तेमाल करने में दिक्कत होती है. फुटओवर ब्रिज को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया है.
प्रत्यक्षदर्शी ने स्टेशन की स्थिति से अवगत कराते हुए जिलाधिकारी से कहा, ”अब लोगों को काफी दूर जाकर फुटओवर ब्रिज पर च­ढ़ना पड़ता है, जिससे असुविधा होती है.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button