बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र ले सकता है चक्रवाती तूफान का रूप

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 16 Nov 2023 08:16 PM
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र ले सकता है चक्रवाती तूफान का रूप
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी में बना गहरे दबाव का क्षेत्र शुक्रवार तक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है और बांग्लादेश तट को पार कर सकता है. विभाग ने एक बुलेटिन जारी कर कहा कि बृहस्पतिवार को दबाव के क्षेत्र ने मजबूत होकर गहरे दबाव के क्षेत्र का रूप ले लिया और वह 17 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा में बढ़ रहा है.

उसने कहा कि बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे यह आंध्रप्रदेश के विशाखापत्तनम के पूर्व- दक्षिणपूर्व में करीब 390 किलोमीटर तथा ओडिशा में पारादीप के दक्षिण-दक्षिणपूर्व में 320 किलोमीटर की दूरी पर था. आईएमडी ने अपने बुलेटिन में कहा, ” इस तंत्र के उत्तर-उत्तपूर्व दिशा की ओर बढ़ते रहने एवं अगले 24 घंटे में मजबूत होकर चक्रवाती तूफान का रूप लेने एवं शनिवार तड़के मोंगला एवं खेपूपारा के बीच बांग्लादेश तट को पार कर लेने की आशंका है. हवा की रफ्तार 55-65 किलोमीटर प्रति घंटे से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.”

विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि उसके प्रभाव से ओडिशा के कई हिस्सों खासकर तटीय क्षेत्र में भारी वर्षा होगी तथा 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी. विभाग ने कहा कि इस तंत्र से शुक्रवार तक पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों, त्रिपुरा और मिजोरम में भारी वर्षा हो सकती है तथा नगालैंड, मणिपुर, असम एवं मेघालय में शनिवार तक बारिश होगी. मछुआरों को 18 नवंबर तक गहरे समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गयी है क्योंकि इस दौरान वहां स्थिति बहुत खराब रहेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu