नोएडा में सीमा हैदर के घर में घुसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 04 May 2025 10:16 PM
नोएडा में सीमा हैदर के घर में घुसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया
ऑडियो सुनें

नोएडा. पुलिस ने सीमा हैदर के घर में घुसने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने यह जानकारी दी. अधिकारियों के मुताबिक, उसने दावा किया है कि सीमा हैदर ने उस पर “काला जादू” किया था. वह कथित रूप से शनिवार को सीमा के घर में घुसा था. पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान गुजरात के सुरेन्द्रनगर निवासी तेजस के रूप में हुई है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में सीमा हैदर की भारतीय सास एवं सचिन मीणा की मां रितु देवी ने कोतवाली रबूपुरा में शनिवार को शिकायत दर्ज कराई है.

रबूपुरा कोतवाली के प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया, “वह गुजरात का रहने वाला है और उसने गुजरात से नयी दिल्ली जाने वाली ट्रेन का जनरल कोच का टिकट लिया था. नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन से वह बस से गांव पहुंचा. उसके मोबाइल फोन में सीमा के स्क्रीनशॉट मिले हैं.” उन्होंने बताया कि तेजस को गिरफ्तार कर लिया गया है. उपाध्याय के मुताबिक, “पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि सीमा ने उस पर काला जादू किया है.” उन्होंने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है. पाकिस्तान के सिंध प्रांत के जैकोबाबाद की रहने वाली 32 वर्षीय सीमा हैदर अपने बच्चों को लेकर कराची से नेपाल के रास्ते भारत 2023 में आई थी.

वह जुलाई 2023 में सुर्खियों तब आई जब भारतीय अधिकारियों को वह ग्रेटर नोएडा में 27 वर्षीय सचिन मीना के साथ रहते हुए मिली. उसका दावा है कि उसने सचिन से शादी कर ली है. उसके पाकिस्तानी पति गुलाम हैदर से चार बच्चे हैं और सचिन से एक बेटी है. इस बीच, अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के मामले में सीमा हैदर का शुरू में मुकदमा लड़ने वाले व उसकी जमानत कराने वाले वकील हेमंत पराशर ने अन्य पाकिस्तानियों की तरह सीमा को भी वापस भेजने की केंद्र सरकार से अपील की है.

उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कहा है कि जिस तरह से पहलगाम में आतंकियों द्वारा 26 निर्दोष लोगों की नृशंस हत्या की गई है, उसके बाद केंद्र सरकार ने पाकिस्तानियों के वीज.े रद्द कर दिए और उन्हें वापस उनके वतन भेजा जा रहा है.
उन्होंने कहा कि इसी कड़ी वह प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी से अवैध रूप से कस्बा रबूपुरा में रहने वाली सीमा हैदर को तत्काल प्रभाव से पाकिस्तान भेजने की मांग करते हैं. पराशर ने कहा कि चूंकी सीमा का प्रकरण अदालत में लंबित है और कानूनी अड़चन को देखते हुए अगर उसे पाकिस्तान भेजना संभव न हो तो उसे डिटेंशन सेंटर में रखा जाए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu