असली टूर्नामेंट क्वार्टर फाइनल से शुरू होगा: जूनियर हॉकी विश्व कप पर श्रीजेश

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 01 Jul 2025 12:25 PM
असली टूर्नामेंट क्वार्टर फाइनल से शुरू होगा: जूनियर हॉकी विश्व कप पर श्रीजेश
ऑडियो सुनें

बेंगलुरू: भारत के कोच पी आर श्रीजेश ने कहा कि नये प्रारूप में एफआईएच जूनियर विश्व कप खेलना रोमांचक होगा और असल टूर्नामेंट की शुरूआत क्वार्टर फाइनल से होगी। भारत में इस साल चेन्नई और मदुरै में 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक जूनियर हॉकी विश्व कप खेला जायेगा।

पहली बार विश्व कप में 24 टीमें भाग लेंगी जबकि पहले 12 टीमें होती थी। वर्ष 2001 से यह 16 टीमों का टूर्नामेंट होता आया है। नये प्रारूप में टीमों को छह पूल (ए से एफ) में बांटा जायेगा और हर पूल में चार टीमें होंगी। ग्रुप की विजेता छह टीमें और दूसरे स्थान पर रहने वाली दो सर्वश्रेष्ठ टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी।

भारत को पूल बी में पाकिस्तान, चिली और स्विटजरलैंड के साथ रखा गया है। श्रीजेश ने हॉकी इंडिया की एक विज्ञप्ति में कहा ,‘‘ हम मैच दर मैच रणनीति बनायेंगे। अधिक से अधिक अंक लेने की कोशिश करेंगे ताकि क्वार्टर फाइनल में अच्छा स्थान मिले।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ पहली बार जूनियर हॉकी विश्व कप में 24 टीमें खेल रही है। हम उसके अनुसार ही रणनीति बनाकर तैयारी कर रहे हैं। नये प्रारूप में खेलना रोचक होगा।’’ श्रीजेश ने कहा ,‘‘ पूल बी में पाकिस्तान, चिली और स्विटजरलैंड से अच्छी चुनौती मिलेगी। पाकिस्तान के खिलाफ मैच रोचक होगा लेकिन टूर्नामेंट की शुरूआत क्वार्टर फाइनल से होगी।’’

पिछली बार 2023 जूनियर विश्व कप में भारत चौथे स्थान पर रहा था। भारत ने 2001 में होबर्ट में और 2016 में लखनऊ में खिताब जीता था। जर्मनी सात बार खिताब जीत चुकी है और गत चैम्पियन भी है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital