यह पूरे जम्मू क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण: शपथ के बाद उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 16 Oct 2024 08:21 PM
यह पूरे जम्मू क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण: शपथ के बाद उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी

ऑडियो सुनें

श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर के नए उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने बुधवार को कहा कि यह पूरे जम्मू क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है और उन्होंने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) ने हमेशा लद्दाख सहित तीनों क्षेत्रों को साथ लेकर काम किया है. जम्मू के पीर पंजाल क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले चौधरी ने कहा कि उमर अब्दुल्ला सरकार की प्राथमिकताएं कमियों को दूर करना है, बेरोजगारी, बिजली और पानी की समस्या जैसे मुद्दों का समाधान करना, अस्पतालों और स्कूलों के कामकाज में सुधार करना और पर्यटन संबंधी बुनियादी ढांचे का निर्माण करना है.

उन्होंने कहा कि इसके अलावा ‘दरबार मूव’ को फिर से शुरू करना होगा जो एक ऐसी व्यवस्था थी जिसके तहत राज्य सरकार जम्मू और श्रीनगर से छह-छह माह काम करती थी. शपथ ग्रहण समारोह के बाद चौधरी ने कहा, ”यह पीर पंजाल के लोगों और खास तौर पर मेरे निर्वाचन क्षेत्र नौशेरा (राजौरी जिले में) के लिए गौरव का क्षण है… यह पूरे जम्मू क्षेत्र के लिए गर्व की बात. मैं इस सम्मान के लिए लोगों की ओर से (नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष) फारूक अब्दुल्ला और (मुख्यमंत्री) उमर अब्दुल्ला को धन्यवाद देता हूं.”

उन्होंने कहा, ”नेकां के नेतृत्व ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जम्मू – कश्मीर दोनों ही संभाग उनके लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं. यह वह नेतृत्व है जो राजनीतिक, धार्मिक और सांप्रदायिकता से ऊपर उठकर लोगों के लिए काम करता है, उन लोगों की तरह नहीं जो जम्मू के मुख्यमंत्री की बात तो कर रहे हैं, लेकिन पिछले 10 वर्षों में इस क्षेत्र से उपराज्यपाल या राज्यपाल नियुक्त करने में विफल रहे हैं.” उपमुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर के लोगों से किया अपना वादा निभाएगी और जम्मू-कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करेगी.

उन्होंने कहा, ”गृह मंत्री (अमित शाह) ने संसद में रिकॉर्ड पर राज्य का दर्जा बहाल करने (विधानसभा चुनावों के बाद) और जमीन तथा नौकरियों की सुरक्षा का वादा किया है. हम मनोनीत विधायक या मनोनीत सरकार नहीं हैं. हमें लोगों ने चुना है और इसलिए हमें विश्वास है कि प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) और गृह मंत्री अपने वादे का मान रखेंगे और पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करके लोकतंत्र को मजबूत करेंगे.” उपमुख्यमंत्री ने कहा, ”देखते हैं वे अपना वादा पूरा करने में कितना समय लेते हैं.”

जम्मू कश्मीर में पीर पंजाल क्षेत्र से नेताओं को उपमुख्यमंत्री, मंत्री बनाए जाने पर कई जिलों में जश्न

जम्मू-कश्मीर में उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार में बुधवार को पीर पंजाल क्षेत्र के स्थानीय नेता सुरिंदर कुमार चौधरी को उपमुख्यमंत्री और जावेद राणा को मंत्री बनाए जाने पर राजौरी और पुंछ के सीमावर्ती जिलों में नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के सैंकड़ों समर्थकों ने सड़क पर उतरकर जश्न मनाया.

जम्मू कश्मीर में 2019 में अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद केंद्र शासित प्रदेश में पहली निर्वाचित सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में उमर ने शपथ ली. चौधरी ने राजौरी जिले के नौशेरा में भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रविंदर रैना को हराया था और राणा पुंछ जिले के मेंढर का प्रतिनिधित्व करते है. ये दोनों पीर पंजाल क्षेत्र में विजयी हुई नेकां के उम्मीदवारों में से हैं. क्षेत्र की आठ में से पांच सीट नेकां-कांग्रेस गठबंधन ने अपनी नाम की.

दोनों नेताओं ने श्रीनगर में शपथ लिए जाने के दौरान नौशेरा, मेंढर और अन्य इलाकों में नेकां समर्थक ढोल-नगाड़े बजाते तथा नाचते हुए जश्न मनाते देखे गए. चौधरी के गृहनगर नौशेरा में नेकां कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटी तथा पार्टी एवं अब्दुल्ला के समर्थन में नारे लगाए. स्थानीय लोगों ने चौधरी को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने पर नेकां का आभार व्यक्त किया.

नौशेरा के एक नेकां कार्यकर्ता बंटी सिंह ने कहा, ”हम जम्मू-कश्मीर, खासकर जम्मू क्षेत्र के लोगों को सुरिंदर चौधरी जी के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई देते हैं. हम इसके लिए डॉ. फारूक अब्दुल्ला साहब और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला जी के बहुत आभारी हैं.” सिंह ने कहा कि भाजपा के रविंदर रैना के खिलाफ चौधरी की जीत महत्वपूर्ण रही. उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की ओर से पूरी ताकत झोके जाने और सीट सुरक्षित करने के सभी प्रयासों के बावजूद, यह लोगों का समर्थन ही था जिसने सुरिंदर जी के साथ नेकां की जीत सुनिश्चित की.”

चौधरी ने नेकां नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा, ”यह पीर पंजाल, खासकर मेरे निर्वाचन क्षेत्र नौशेरा के लिए गर्व की बात है. मैं डॉ. फारूक अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला को उनके भरोसे के लिए तहे दिल से धन्यवाद देता हूं. आभार व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं.” मेंढर का प्रतिनिधित्व करने वाले 61 वर्षीय जावेद राणा ने भी मंत्री के रूप में शपथ ली. राणा ने तीसरी बार इस सीट से अपनी जीत दर्ज कराई है. जम्मू-कश्मीर कैबिनेट में शामिल होने का जश्न मनाने के लिए मेंढर में राणा के आवास पर बड़ी संख्या में लोग जुटे.

By Yogesh Kumar Sahu