Navbharat All India Football Tournament : खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, तमिलनाडु पुलिस का दबदबा

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Sat, 03 Oct 2026 08:06 PM
Navbharat All India Football Tournament : खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, तमिलनाडु पुलिस का दबदबा

ऑडियो सुनें

नवभारत रिपोर्टर
बिलासपुर- आल इंडिया नवभारत-सेंट्रल क्रॉनिकल व एसईसीएल फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 के तीसरे दिन शनिवार को नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट रेलवे फुटबॉल ग्राउंड में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ मैदान पर अपना दमखम दिखाया। दिन के दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले मैच में तमिलनाडु पुलिस ने एसीबी कोरबा को मात दी, जबकि दूसरे मुकाबले में ब्रह्मविद् एफए रायपुर और एससी झारखंड के बीच कांटे की टक्कर के बावजूद कोई टीम गोल नहीं कर सकी।

पहले हाफ में तमिलनाडु पुलिस ने बनाई मजबूत बढ़त

दिन का पहला मुकाबला तमिलनाडु पुलिस और एसीबी कोरबा के बीच खेला गया। तमिलनाडु पुलिस के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल के साथ लगातार एसीबी कोरबा के गोलपोस्ट पर दबाव बनाया। पहले हाफ में तमिलनाडु पुलिस ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 2-0 की बढ़त हासिल कर ली। दूसरे हाफ में एसीबी कोरबा के खिलाड़ियों ने खेल की रणनीति में बदलाव करते हुए आक्रमण तेज कर दिया। लगातार प्रयासों के बाद कोरबा की टीम को एक गोल करने में सफलता मिली और उसने मुकाबले में वापसी की उम्मीद जगाई। एसीबी कोरबा ने बराबरी हासिल करने के लिए कई प्रयास किए, लेकिन तमिलनाडु पुलिस के खिलाड़ियों ने दबाव को संभालते हुए अपनी बढ़त बरकरार रखी। निर्धारित समय तक तमिलनाडु पुलिस ने मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी और मैच अपने पक्ष में कर लिया। मैन आफ द मैच तमिलनाडु टीम के खिलाड़ी विग्नेश रहे।

रायपुर और झारखंड के बीच नहीं खुला गोल का खाता

दिन का दूसरा मुकाबला ब्रह्मविद् एफए रायपुर और एससी झारखंड के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शुरुआत से ही संतुलित खेल का प्रदर्शन किया। एक ओर रायपुर के खिलाड़ियों ने गोल करने के लिए लगातार आक्रमण किए, वहीं एससी झारखंड ने भी जवाबी हमलों के जरिए गोल का प्रयास किया। पूरे मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार रक्षात्मक खेल दिखाया। कई बार गोल करने के मौके बने, लेकिन दोनों टीमों के गोलकीपर और डिफेंडरों ने बेहतरीन बचाव करते हुए गोल होने से रोके रखा। निर्धारित समय तक दोनों टीमों में से कोई भी गोल नहीं कर सकी और मुकाबला 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ। ड्रॉ के बाद दोनों टीमों ने अगले दौर में प्रवेश किया। मैच के मेन आफ द मैच झारखंड के मो. अयान रहे।

By Navabharat News Group