नवभारत रिपोर्टर
बिलासपुर. नवभारत इंटर स्कूल फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 के तहत शनिवार को नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट रेलवे फुटबॉल ग्राउंड में दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। रोमांचक मुकाबले में नवीन पिछड़ा वर्ग क्रीड़ा परिसर सरकंडा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय विद्यालय स्कूल को 4-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। मैच के दौरान सरकंडा की टीम ने शुरू से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय विद्यालय पर दबाव बनाए रखा।
मध्यांतर तक दो गोल की बढ़त
मुकाबले की शुरुआत से ही नवीन पिछड़ा वर्ग क्रीड़ा परिसर सरकंडा के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल के साथ खेलते हुए लगातार आक्रमण किए। मध्यांतर तक सरकंडा की टीम ने 2 गोल की बढ़त हासिल कर ली। दो गोल से पिछड़ने के बाद केंद्रीय विद्यालय के खिलाड़ियों ने दूसरे हाफ में वापसी के लिए पूरी ताकत झोंक दी। टीम ने कई बार सरकंडा के गोलपोस्ट पर हमले किए और मुकाबले में बराबरी हासिल करने का प्रयास किया, लेकिन सरकंडा की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने उसे सफलता नहीं मिली।
दूसरे हाफ में भी सरकंडा का दबदबा
मध्यांतर के बाद केंद्रीय विद्यालय की टीम ने आक्रामक रणनीति अपनाते हुए लगातार गोल करने के अवसर तलाशे। खिलाड़ियों ने 2 गोल कर स्कोर बराबर करने के लिए भरपूर प्रयास किया, लेकिन सरकंडा के खिलाड़ियों ने शानदार डिफेंस के साथ हर हमले को नाकाम कर दिया। निर्धारित समय तक सरकंडा की टीम ने कुल 4 गोल दागकर मुकाबला 4-0 से अपने नाम कर लिया।
लवकेश बने मैन आफ द मैच
मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करने वाले नवीन पिछड़ा वर्ग क्रीड़ा परिसर सरकंडा के खिलाड़ी लवकेश को मैन आफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उनके खेल ने टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजन में इनका रहा योगदान
प्रतियोगिता के सफल संचालन में मोहन थापा, रामदेव बोले, सानंद कुमार, सुनील कुमार राव, ओअस तिवारी और गुलशन कांम्बले सहित अन्य लोगों का योगदान रहा। निर्णायकों की भूमिका में आशीष तिवारी, मैच कमिश्नर सानंद कुमार वस्त्रकार, सुनील कुमार राव, के नायडू, पी वर्षा, के पूजा, योगेंद्र साहू, अभिजीत यादव और अर्जुन कटारिया ने अपनी जिम्मेदारियां निभाई।