इस बार दोनों ‘शहजादे’ भाजपा को ‘शह’ देंगे और जनता ‘मात’ देगी: अखिलेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 22 May 2024 07:31 PM
इस बार दोनों ‘शहजादे’ भाजपा को ‘शह’ देंगे और जनता ‘मात’ देगी: अखिलेश
ऑडियो सुनें

आजमगढ़. समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत भाजपा नेताओं की ‘शहजादे’ वाली टिप्पणी पर पलटवार करते हुए बुधवार को कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और सपा के दोनों शहजादे भाजपा को ‘शह’ देंगे और जनता ‘मात’ देगी.

यादव ने आजमगढ़ से सपा उम्मीदवार धर्मेंद्र यादव के समर्थन में आयोजित एक चुनावी जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी और अन्य भाजपा नेताओं द्वारा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और उन्हें ‘शहजादे’ कहकर तंज किए जाने का जवाब दिया. उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी और हम लोगों को शहजादे शहजादे कहा जा रहा है. इस बार देखना दोनों शहजादे मिलकर ऐसी शह देंगे और जनता ऐसी मात देगी कि इनका पता नहीं लगेगा (कि कहां गए). इस बार शहजादे शह देने वाले हैं और जनता मात देने वाली है.” प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य भाजपा नेता इन दिनों अपनी चुनावी रैलियां में सपा प्रमुख यादव और कांग्रेस नेता गांधी को शहजादे कहकर उन पर तंज कर रहे हैं.

सपा प्रमुख ने भाजपा में लोकतंत्र नहीं होने का आरोप लगाते हुए कहा, “जो लोग जी20 लेकर घूम रहे थे उस पार्टी में सिर्फ दो लोगों की चलती है. बाकी सब शून्य हैं. हमारे जो लखनऊ वाले (मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ) हैं, इधर सुनने में आया है कि उनकी भी भाषा बदल गई है. यह जो समय-समय पर बुलडोजर लेकर चलते थे, उन्हें पता ही नहीं है कि इस बार लीकेज कहां पर है जिसके कारण सब पेपर लीक हो रहे हैं.” सपा और कांग्रेस द्वारा पिछड़ों और दलितों का आरक्षण छीन कर मुसलमान को देने की साजिश रचने के भाजपा के आरोप का जिक्र करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा, ” कोई किसी का आरक्षण नहीं छीन रहा है. अगर आरक्षण को लेकर किसी ने धोखा दिया है तो वह भाजपा है. उसके फैसलों ने हमारे आप के आरक्षण को छीनने का काम किया है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu