तेलंगाना सरकार में कांग्रेस के तीन विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 08 Jun 2025 08:03 PM
तेलंगाना सरकार में कांग्रेस के तीन विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. सत्तारूढ़ कांग्रेस के विधायकों जी विवेक वेंकट स्वामी, ए लक्ष्मण कुमार और वी श्रीहरि ने रविवार को तेलंगाना सरकार में मंत्री के रूप में शपथ ली. मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में मंत्रिमंडल का यह पहला विस्तार है. राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने राजभवन में आयोजित एक समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी, उनके मंत्रिमंडल सहयोगी, विधायक और अन्य नेता मौजूद थे.

तीन नए मंत्रियों के शामिल होने से रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाले मंत्रिपरिषद के विस्तार को लेकर हफ्तों से लगाई जा रही अटकलों पर विराम लग गया. यह मंत्रिमंडल विस्तार मंत्रिमंडल में नियुक्तियों और पार्टी पदों के संबंध में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष बी महेश कुमार गौड़ और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) नेतृत्व के बीच हाल में हुई चर्चा के बाद हुआ है.
मुख्यमंत्री समेत तेलंगाना मंत्रिमंडल की कुल संख्या 18 है. मौजूदा मंत्रिमंडल में तीन नए विधायकों के शामिल होने के साथ ही मंत्रियों की संख्या बढ़ कर अब 15 हो गई. फिलहाल मंत्रिमंडल में तीन पद रिक्त हैं. गौड़ के सितंबर, 2024 में तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) के अध्यक्ष का पद संभालने के बाद से कार्यकारी अध्यक्ष समेत राज्य कांग्रेस पदाधिकारियों की नियुक्ति लंबित है.

रेड्डी ने ‘एक्स’ पर एक ‘पोस्ट’ साझा कर पार्टी विधायक रामचंद्र नाइक को भी विधानसभा का उपाध्यक्ष बनने पर बधाई दी. इन तीन नए मंत्रियों और उपाध्यक्ष की नियुक्ति सत्तारूढ़ कांग्रेस द्वारा सामाजिक न्याय पर ध्यान केंद्रित किए जाने को दर्शाती है. विवेक और लक्ष्मण कुमार क्रमश? अनुसूचित जाति(माला) और अनुसूचित जाति (मडिगा) समुदायों से हैं, जबकि श्रीहरि पिछड़े वर्ग से संबंध रखते हैं. रामचंद्र नाइक अनुसूचित जनजाति समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हैं. कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे दिवंगत जी वेंकटस्वामी के बेटे विवेक वेंकट स्वामी एक वरिष्ठ नेता हैं, जो पहले लोकसभा सदस्य रह चुके हैं.

विवेक के नाम से लोकप्रिय विवेक वेंकट स्वामी ने अपना राजनीतिक जीवन कांग्रेस के साथ शुरू किया, लेकिन वह बीआरएस (भारत राष्ट्र समिति) और भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) में भी रहे. बाद में वह 2023 के विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस में लौट आए.
विवेक हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन (एचसीए) के अध्यक्ष के रूप में भी काम कर चुके हैं. विवेक के बड़े भाई जी विनोद कांग्रेस के विधायक हैं, जबकि विवेक के बेटे वामसी कृष्णा लोकसभा सदस्य हैं.

पार्टी सूत्रों ने बताया कि मंत्रिमंडल में शामिल न किए जाने से निराश मंत्री पद के उम्मीदवारों को तसल्ली देने के लिए तेलंगाना में पार्टी मामलों की एआईसीसी प्रभारी मीनाक्षी नटराजन एवं कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गौड़ कांग्रेस विधायक पी सुदर्शन रेड्डी और प्रेम सागर के आवास पर गए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu