राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर प्रधानमंत्री के साथ डिजिटल संवाद में छत्तीसगढ़ के तीन लाख युवा जुड़ेंगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 24 Jan 2024 09:56 PM
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर प्रधानमंत्री के साथ डिजिटल संवाद में छत्तीसगढ़ के तीन लाख युवा जुड़ेंगे

ऑडियो सुनें

रायपुर. राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अखिल भारतीय डिजिटल संवाद कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के तीन लाख से अधिक युवाओं के शिरकत करने की उम्मीद है. कार्यक्रम के आयोजकों ने बुधवार को यह जानकारी दी.
छत्तीसगढ़ भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के अध्यक्ष रवि भगत ने कहा कि भाजयुमो ने कल ‘नमो नव-मतदाता सम्मेलन’ का आयोजन किया है जिस दौरान प्रधानमंत्री युवा मतदाताओं से बातचीत करेंगे.

उन्होंने कहा कि लाखों युवा (ज्यादातर 18-25 आयु वर्ग के) देश भर में लगभग 5,000 स्थानों से प्रधानमंत्री के साथ ऑनलाइन जुड़ेंगे. भगत ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 176 स्थानों पर तीन लाख से अधिक युवा इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे. भाजयुमो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा शाखा है.

प्रदेश भाजयुमो ने छत्तीसगढ़ के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में युवाओं से संपर्क करने और उन्हें डिजिटल कार्यक्रम से जोड़ने के लिए एक अभियान शुरू किया था. साल 2011 से भारत निर्वाचन आयोग के स्थापना दिवस को हर साल 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस (एनवीडी) के तौर पर मनाया जाता है. आयोग 1950 में इसी दिन अस्तित्व में आया था.

By Yogesh Kumar Sahu