पूर्व लोकसभाध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल को छग विधानसभा में दी गई श्रद्धांजलि

रायपुर. छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल को श्रद्धांजलि दी गई. पाटिल का 12 दिसम्बर को लातूर में निधन हो गया था. विधानसभा में आज विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर चरणदास महंत, मंत्रीगणों और सदस्यों ने सदन में मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.

विधानसभा अध्यक्ष ने शिवराज पाटिल के लंबे राजनीतिक जीवन को याद करते हुए कहा, ”स्वर्गीय श्री पाटिल लगातार सात बार लोकसभा सदस्य रहे. उन्होंने अनेक महत्वपूर्ण मंत्रालयों में मंत्री का दायित्व संभाला. संसदीय कार्यवाही के टेलीविजन प्रसारण में उनका महत्वपूर्ण योगदान है.”

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री और लोकसभा अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यकाल को याद करते हुए कहा, ”स्वर्गीय श्री पाटिल ने डॉक्टर मनमोहन सिंह की सरकार में केंद्रीय गृहमंत्री का अहम दायित्व संभाला था. एक ऐसे वक्त में जब दुश्मन लगातार देश के विरुद्ध षड़यंत्र कर रहे थे, उन्होंने गृहमंत्री का दायित्व बड़ी ही संवेदनशीलता से निभाया. लातूर का प्रतिनिधित्व करने वाले स्वर्गीय श्री पाटिल का लंबा सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन रहा है. उन्होंने लातूर को भूकंप की त्रासदी से निपटने में बहुत मदद की.” विपक्ष के नेता ने शिवराज पाटिल के सेवाभावी राजनीतिक सफर को याद करते हुए कहा,‘‘ उनका जाना हम सबके लिए बहुत दुखद है. वह विधि और संविधान के अच्छे जानकार थे.’’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button