बेरोजगारी रिकॉर्ड स्तर पर, महंगाई आसमान छू रही है: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 09 Apr 2024 08:04 PM
बेरोजगारी रिकॉर्ड स्तर पर, महंगाई आसमान छू रही है: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बेरोजग़ारी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है और महंगाई आसमान छू रही है तथा ग्रामीण भारत के गंभीर संकट से जूझने के साथ ही असमानता चरम पर पहुंच चुकी है. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने दावा किया कि केंद्र की गलत नीतियों के चलते यह स्थिति पैदा हुई है.

रमेश ने एक बयान में कहा, ”भारतीय अर्थव्यवस्था में जितनी भी खतरे की घंटियां बज रही हैं, वे केवल प्रधानमंत्री मोदी को ही नहीं सुनाई दे रही हैं. उनके कार्यकाल में भारत में बेरोजग़ारी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है, महंगाई आसमान छू रही है, वास्तविक मजदूरी में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है. कई क्षेत्रों में गिरावट आई है, ग्रामीण भारत गंभीर संकट से जूझ रहा है और असमानता चरम पर है.” उन्होंने कहा कि वित्तीय और निवेश सेवाएं प्रदान करने वाली एक कंपनी की ताज.ा रिपोर्ट प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों का भारतीय परिवारों पर पड़ने वाले विनाशकारी प्रभाव को दिखाती है.

रमेश ने कहा, ” रिपोर्ट के अनुसार, दिसंबर 2023 तक घरेलू ऋण का स्तर सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का लगभग 40 प्रतिशत हो गया. यह अब तक का सबसे अधिक है. इसके अलावा, घरेलू बचत भी 47 साल के निचले स्तर पर पहुंच गई है. शुद्ध वित्तीय बचत जीडीपी के पांच प्रतिशत पर आ गई है.” उनके मुताबिक, रिपोर्ट में कहा गया है कि बचत में यह “आश्चर्यजनक” गिरावट आय में वृद्धि कम होने के कारण है.

उत्तर प्रदेश में ‘डबल इंजन’ सरकार ने युवाओं के साथ धोखा किया: कांग्रेस

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसभा से पहले मंगलवार को आरोप लगाया कि देश की सबसे ज्यादा आबादी वाले राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ”डबल इंजन” सरकार ने युवाओं के साथ धोखा किया है. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह सवाल भी किया कि नई नौकरियों के सृजन और पेपर लीक की समस्या को लेकर प्रधानमंत्री मोदी के पास क्या दृष्टिकोण है? प्रधानमंत्री मोदी आज पीलीभीत में जनसभा को संबोधित करेंगे.

रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “आज, प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश में हैं. यह एक ऐसा राज्य है जहां युवाओं को भाजपा की “डबल इंजन” सरकार ने धोखा ही धोखा दिया है. शायद आज प्रधानमंत्री अपने दिखावटी भाषणों के बीच राज्य के युवाओं की इन समस्याओं पर बात करें. ” उन्होंने कहा “पिछले साल मुख्यमंत्री योगी ने वादा किया था कि वह अगले 3-4 वर्षों में राज्य में दो करोड़ नई नौकरियों के अवसर पैदा करेंगे. याद करें, यह वही वादा है जो प्रधानमंत्री ने 2014 में सत्ता में आने से पहले किया था. हम जानते हैं कि इसके बाद क्या हुआ – बेरोजगारी ने वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया.” कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि प्रधानमंत्री और उनके सहयोगियों ने दो करोड़ नौकरी देने के वादे के अनुसार पिछले दशक में क्या किया है? उन्होंने यह प्रश्न भी किया कि प्रधानमंत्री के सहयोगी अब वही वादे क्यों कर रहे हैं जिन्हें प्रधानमंत्री पूरा करने में विफल रहे हैं? उन्होंने जानना चाहा कि उत्तर प्रदेश और भारत के रिकॉर्ड बेरोजग़ारी संकट को हल करने के लिए भाजपा के पास क्या दृष्टिकोण है? रमेश ने दावा किया कि मोदी सरकार के शासनकाल में, पिछले कुछ वर्षों में सरकारी पदों पर भर्ती के लिए हुई परीक्षाओं के कम से कम 43 पेपर लीक हुए हैं, जिससे कम से कम दो करोड़ उम्मीदवार प्रभावित हुए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu