संयुक्त राष्ट्र महासचिव चार दिवसीय यात्रा पर नेपाल पहुंचे, प्रधानमंत्री प्रचंड से मुलाकात की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 29 Oct 2023 07:32 PM
संयुक्त राष्ट्र महासचिव चार दिवसीय यात्रा पर नेपाल पहुंचे, प्रधानमंत्री प्रचंड से मुलाकात की
ऑडियो सुनें

काठमांडू. संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस ने अपनी चार दिवसीय नेपाल यात्रा के दौरान रविवार को प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’ से मुलाकात की. गुतारेस ने उप प्रधानमंत्री एवं रक्षा मंत्री पूर्ण बहादुर खड़का और विदेश मंत्री नारायण प्रकाश सऊद के साथ भी अलग-अलग बैठकें कीं.

नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री प्रचंड और संयुक्त राष्ट्र प्रमुख गुतारेस के बीच एक बैठक हुई, जो प्रधानमंत्री के निमंत्रण पर नेपाल की आधिकारिक यात्रा पर यहां आए हैं. ‘माई रिपब्लिका’ अखबार की खबर के मुताबिक, प्रधानमंत्री प्रचंड से मुलाकात के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने नेपाल को एक ऐसी प्रक्रिया विकसित करने के लिए वैश्विक निकाय के समर्थन का वादा किया, जो अंतरराष्ट्रीय मानकों, उच्चतम न्यायालय के फैसलों और पीड़ितों की जरूरतों को पूरा करती है.

प्रधानमंत्री प्रचंड के साथ संयुक्त प्रेसवार्ता में गुतारेस ने विकसित देशों से नेपाल जैसे देशों को समर्थन बढ.ाने का आग्रह किया, जो जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से बुरी तरह प्रभावित हैं. इससे पहले दिन में, विदेश मंत्री नारायण प्रकाश सऊद ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव के पहुंचने पर यहां त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया. गुतारेस को नेपाली सेना द्वारा सलामी दी गई.

विदेश मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, वर्ष 2017 में संयुक्त राष्ट्र महासचिव का पद संभालने के बाद पहली बार नेपाल का दौरा कर रहे गुतारेस नेपाली अधिकारियों के साथ शांति प्रक्रिया, सतत विकास और जलवायु परिवर्तन से संबंधित मामलों पर चर्चा करेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu