विराट कोहली फिर चुने गए देश के अग्रणी सेलिब्रिटी ब्रांड, रणवीर सिंह ने अक्षय को पछाड़ा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 29 Mar 2022 06:17 PM
ऑडियो सुनें

मुंबई. क्रिकेटर विराट कोहली ने भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ने और साल भर में अपनी हैसियत में गिरावट आने के बावजूद देश के सबसे मूल्यवान सेलिब्रिटी ब्रांड के तौर पर अपना स्थान बरकरार रखा है. सलाहकार फर्म डफ एंड फेल्प्स की तरफ से मंगलवार को जारी एक रिपोर्ट में कहा गया कि कोहली का ब्रांड मूल्य वर्ष 2021 में गिरकर 18.57 करोड़ डॉलर रह गया, जबकि वर्ष 2020 में यह 23.77 करोड़ डॉलर था.

विराट के बाद दूसरा स्थान अभिनेता रणवीर सिंह का है जिनका ब्रांड मूल्य 15.83 करोड़ डॉलर आंका गया है. रणवीर ने इस दौरान अक्षय कुमार को पीछे छोड़ा है जो अब 13.69 करोड़ डॉलर के ब्रांड मूल्य के साथ वह तीसरे स्थान पर हैं. अभिनेत्री आलिया भट्ट इस सूची में चौथे स्थान पर हैं जिनकी ब्रांड कीमत 6.81 करोड़ डॉलर है. इसके साथ ही वह महिला सेलिब्रिटी के बीच सबसे आगे हैं. दीपिका पादुकोण 5.16 करोड़ डॉलर के ब्रांड मूल्य के साथ सूची में सातवें स्थान पर हैं.

सेलिब्रिटी ब्रांड सूची तैयार करने वाली फर्म डफ एंड फेल्प्स के प्रबंध निदेशक अविरल जैन ने कहा कि इस सूची में फिल्म उद्योग से जुड़ी शख्सियतों का दबदबा है लेकिन कोहली, सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा और पी वी ंिसधु जैसे खिलाड़ी भी इसमें दमदार मौजूदगी रखते हैं. उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 में ब्रांड मूल्य में दर्ज किए गए उछाल के मामले में रणवीर, आलिया और क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी आगे रहे हैं.

एशिया-प्रशांत क्षेत्र में डफ एंड फेल्प्स की मूल्यांकन सलाहकार सेवा के प्रमुख वरुण गुप्ता ने कहा, ‘‘कारोबार एवं ब्रांड ने इस साल भी परंपरागत मंचों के साथ ब्रांड प्रोत्साहन के लिए सोशल मीडिया एवं अन्य आॅनलाइन मंचों का भी खूब सहारा लिया है.’’ रिपोर्ट कहती है कि टेलीविजन अब भी विज्ञापनों का सबसे बड़ा जरिया है लेकिन डिजिटल मीडिया तेजी से आगे बढ़ रहा है और वर्ष 2023 में विज्ञापन व्यय के मामले में सबसे आगे निकल सकता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu