शव-वाहन न मिलने पर शव को चारपाई पर रख कर ले गईं चार महिलाएं अपने गांव, वीडियो वायरल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 30 Mar 2022 06:55 PM
ऑडियो सुनें

रीवा. मध्यप्रदेश के रीवा जिले में रायपुर कर्चुलियान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शव-वाहन न मिलने पर एक महिला के शव को चारपाई पर रख कर चार महिलाएं वहां से पांच किलोमीटर दूर महसुआ गांव ले गईं. प्रत्यक्षर्दिशयों ने बुधवार को बताया कि जो चार महिलाएं कंघे पर रख कर इस चारपाई को ले जा रही थीं, उनमें से एक महिला इस मृतक की बेटी है, जबकि तीन अन्य रिश्तेदार हैं.

यह घटना रीवा जिला मुख्यालय से महज 20 किलोमीटर दूर मंगलवार को हुई और शव को कंधे में रखकर ले जाते हुए इन महिलाओं का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एल. मिश्रा ने बताया कि यह महिला लंबे अर्से से बीमार थी और उसे स्वास्थ्य केंद्र पर कई बार भर्ती किया गया था एवं मंगलवार को इलाज के दौरान इसकी मृत्यु हुई.

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केन्द्र में शव-वाहन नहीं है, ऐसे शव-वाहन के इंतजाम के लिए प्रशासन और नगर पंचायत को सूचना दी गई थी एवं उसका इंतजाम किया भी जा रहा था लेकिन इसी बीच, परिवार की महिलाएं शव को लेकर चली गई. मिश्रा ने बताया कि शव-वाहन की समस्या अकेले इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की नहीं है, पूरे जिले के अस्पतालों में यह उपलब्ध नहीं है. उनका कहना था कि स्वास्थ्य केंद्र में एम्बुलेंस दी गई है जो मरीजों को लाने एवं ले जाने का कार्य करती है जबकि शव वाहन उपलब्ध कराना नगर निगम और नगर पंचायतों के जिम्मे है. उन्होंने कहा कि लोगों को वीडियो वायरल करने की बजाय अस्पतालों को शव-वाहन दान देकर इस समस्या का हल करने में मदद करना चाहिए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu