अयोध्या में राममंदिर में प्राणप्रतिष्ठा के साथ ही अब भारत में रामराज्य स्थापित होगा : राजनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 15 Mar 2024 10:26 PM
अयोध्या में राममंदिर में प्राणप्रतिष्ठा के साथ ही अब भारत में रामराज्य स्थापित होगा : राजनाथ
ऑडियो सुनें

चतरा. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि वह दिन दूर नहीं हैं, जब भारत में ‘रामराज्य’ स्थापित होगा और देश 2027 तक दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में से एक होगा. सिंह ने नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (सीएए) के लागू होने पर भाजपा को सांप्रदायिक बताने वालों पर भी निशाना साधा और यह सवाल किया कि पाकिस्तान में हिंदुओं की आबादी किन परिस्थितियों में लगभग 23 प्रतिशत से घटकर लगभग 3 प्रतिशत रह गई.

राज्य की राजधानी रांची से लगभग 160 किलोमीटर दूर इटखोरी में एक रैली को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, ”अयोध्या में रामलला के प्राणप्रतिष्ठा के साथ ही अब भारत में रामराज्य की स्थापना होगी… रामलला टेंट से अपने महल में पहुंच गए हैं.” उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए विकास कार्यों के दम पर भारत उनके नेतृत्व में ‘विश्वगुरु’ बनेगा और यह भगवान की इच्छा है कि वह न केवल तीसरी बार बल्कि चौथी बार भी प्रधानमंत्री रहें.” उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान वहां फंसे भारतीय छात्रों को निकालने के लिए लगभग चार घंटे तक संघर्ष रोके जाने का उदाहरण देते हुए कहा कि अब अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को गंभीरता से लिया जा रहा है.

उन्होंने कहा, ”हम दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गए हैं… जिस तरह से भारत प्रगति कर रहा है, देश 2027 तक दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में से एक होगा.” वर्ष 2047 तक, भारत एक विकसित राष्ट्र होगा और ”हम देश को दुनिया की आर्थिक महाशक्ति बनाना चाहते हैं.” उन्होंने सीएए पर कहा कि हिंदू, सिख, ईसाई और पारसियों सहित अल्पसंख्यक अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान जैसे देशों में धार्मिक उत्पीड़न का सामना कर रहे थे और शरण के लिए भारत आ रहे थे. उन्होंने कहा, “हमने उन्हें नागरिकता देने का फैसला किया…इसके लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सांप्रदायिक करार दिया गया.” झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए सिंह ने कहा कि यह भारत के इतिहास में अभूतपूर्व घटना है कि एक मुख्यमंत्री ही लापता हो गया लेकिन अब वह भ्रष्टाचार को लेकर सलाखों के पीछे हैं.

उन्होंने कहा, ”देश में इतिहास में कभी भी कोई मुख्यमंत्री लापता नहीं हुआ. वर्तमान में, वह एक सरकारी मेहमान के तौर पर जेल में हैं.” उन्होंने कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू पर कथित तौर पर उनसे जुड़े परिसर से लगभग 350 करोड़ रुपये की जब्ती के लिए चुटकी ली.

उन्होंने कहा, “लोगों को यह तय करना होगा कि क्या वे झारखंड को प्रगति के रास्ते पर ले जाना चाहते हैं.” उन्होंने कहा, “अगर प्रधानमंत्री मोदी पद पर नहीं होते तो कोई सोच भी नहीं सकता कि राज्य का क्या होता.” उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री ने हाल ही में 35,700 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला रखी. मैं कह सकता हूं कि राज्य में एक साल में जितना पैसा खर्च किया गया, वह पूर्ववर्ती संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार द्वारा 10 साल में खर्च किए गए पैसे से अधिक है.”

सिंह ने कहा, ”पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के उलट भाजपा सरकार पर कोई भी भ्रष्टाचार को लेकर उंगली नहीं उठा सकता… हम सत्ता में 10 साल पूरे कर रहे हैं, लेकिन दुनिया में एक भी व्यक्ति सरकार या मंत्रियों पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकता.” झारखंड के लोगों को मेहनती बताते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि यह गर्व की बात है कि गलवान घाटी में भी उनकी मुलाकात झारखंड के जवानों से हुई. उन्होंने कहा कि भाजपा अपने किये गये वादों को पूरा करने में विश्वास रखती है.

उन्होंने कहा, ”2014 और 2019 में, मैं पार्टी घोषणापत्र तैयार करने के पीछे था… हम सिर्फ वोट पाने के लिए तुष्टिकरण की राजनीति नहीं करते बल्कि हम देश बनाने के लिए राजनीति करते हैं.” उन्होंने कहा, “सभी समुदायों की महिलाएं हमारे लिए समान हैं. हम तीन तलाक को कैसे बर्दाश्त कर सकते थे? इसी तरह, हमने जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 को हटा दिया.” वंशवाद की राजनीति को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “विपक्ष के लिए उनके परिवार सर्वोच्च हैं लेकिन हमारे लिए लोग सर्वोच्च हैं.” रक्षा मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि भाजपा के पास विकास के लिए “मिशन, दृष्टि और जुनून” है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu