श्मशान घाट से महिला की अस्थियां और राख गायब, पुलिस ने जांच शुरू की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 05 Nov 2025 08:58 PM
श्मशान घाट से महिला की अस्थियां और राख गायब, पुलिस ने जांच शुरू की
ऑडियो सुनें

नागपुर. महाराष्ट्र के नागपुर जिले के एक श्मशान घाट से 23 वर्षीय महिला की अस्थियां और राख के रहस्यमय ढंग से गायब होने से ग्रामीणों और पुलिस में जादू-टोने के संदेह के बीच असमंजस की स्थिति पैदा हो गई. एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि यह घटना उमरेड पुलिस थाने की सीमा में हुई. उमरेड की 23 वर्षीय महिला की सोमवार सुबह बीमारी के कारण मौत हो गयी थी.

पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया और दोपहर करीब एक बजे उमरेड के भिवापुर वाई-पॉइंट के पास श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया गया. पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह जब मृतक के रिश्तेदार श्मशान घाट पहुंचे तो उन्हें यह देखकर आश्चर्य हुआ कि राख और अस्थियां गायब थीं. मृतक के परिवार को संदेह है कि किसी ने काला जादू करने के लिए अस्थियां और राख गायब की है.

उमरेड पुलिस ने महाराष्ट्र मानव बलि और अन्य अमानवीय और अपवित्र प्रथाओं और जादू टोना (रोकथाम और उन्मूलन) अधिनियम 2013 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 301 (श्मशान में अतिक्रमण, शवों को अपमानित करना और अंतिम संस्कार के दौरान गड़बड़ी पैदा करना) के तहत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया. एक अधिकारी ने कहा, “हमने जांच शुरू कर दी है. हम जादू-टोने के पहलू से इनकार नहीं कर रहे हैं. जो धाराएं लगाई गई है उनसे पता चलता है कि कुछ संदिग्ध और गैरकानूनी गतिविधियां हुई होंगी. हम सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय गतिविधियों और श्मशान घाट पर आए लोगों की जांच करेंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu