राजधानी पुलिस ने पूर्व महापौर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर को गिरफ्तार कर लिया है। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देने के आरोप में पुलिस ने शोएब को देर रात गिरफ्तार किया।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में शोएब ढेबर को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों की टीम शनिवार देर रात मेमन समाज के एक कार्यक्रम से शोएब ढेबर को उठाकर थाने लेकर पहुंची। पुलिस अधिकारी उनसे मामले में लगातार पूछताछ कर रहे हैं। बताया जाता है कि चंद दिनों पहले कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को एक इंटरनेशनल कॉल आया था, जिसमें कॉलर ने खुद को बिश्नोई गैंग और अमन साव गैंग का सदस्य बताते हुए 50 करोड़ रुपए की मांगी थी।
मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांजगीर चांपा निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया था, जो होटल में सेक्यूरिटी गार्ड के तौर पर काम करता था। वहीं, कल देर रात शोएब ढेबर मेनन समाज के एक कार्यक्रम में पहुंचा था, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि सेंट्रल जोन के ACP, थाना प्रभारी समेत पुलिस अधिकारियों की टीम उससे पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि जांच में जुटी पुलिस ने होटल के तीन और कर्मचारियों को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम अब जांच कर रही है कि धमकी देने की पूरी साजिश में शोएब ढेबर की क्या भूमिका थी और उसके साथ कौन-कौन लोग शामिल थे। मध्य क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त और तेलीबांधा थाना प्रभारी समेत अन्य अधिकारियों की टीम उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारी शोएब के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी युवक को पैसे किस माध्यम से मिले थे और कॉल के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल तथा सिम कार्ड की व्यवस्था किसने की थी। मामले में आरोपी ने पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे किए हैं। गिरफ्तार आरोपी ने ये भी बताया कि उसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से आनंद कुकरेजा को धमकी देने के लिए कहा गया था। इस काम के बदले उसे 25 करोड़ मिलने की बात कही है।