गणेश उत्सव के दौरान विवाद, तलवार-चाकू से हमला, एक की मौत

घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है जिनका सिम्स में इलाज जारी है.

बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा इलाके में एक दो युवा गुटों के बीच विवाद हो गया. गणेश उत्सव के वक्त डीजे पर नाचने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते-देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. इस दौरान घायल हुए एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई.

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 10:30 बजे गतौरा इलाके में गणेश पंडाल में डीजे बज रहा था. इसी दौरान नाचने को लेकर विवाद शुरू हुआ. आस पास के लोगों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पहले से भी विवाद था. देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में तब्दील हो गई.

आरोप है कि दूसरे पक्ष ने सामने वाले पक्ष के लोगों पर तलवार, चाकू समेत धारदार हथियारों, लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला किया. इस हमले में शैलेष बुरी तरह घायल हो गया. उसकी हालत गंभीर बताई जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया. घटना में मृतक के पिता व्यास नारायण राठौर और बड़े भाई रवि कुमार राठौर के घायल होने की जानकारी सामने आई है. बीच-बचाव करने पहुंचे विक्रम राठौर और विकास राठौर के भी घायल होने की बात कही जा रही है. घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका सिम्स में इलाज जारी है.

घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मामले में 14 संदेहियों को हिरासत में लिया है. सभी से पूछताछ की जा रही है. परिजनों का दावा है कि हमले में करीब 13 से 15 लोग शामिल थे. घटना की गंभीरता को देखते हुए सोमवार सुबह एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह भी गतौरा पहुंचीं. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button