
धूम्रपान को फेफड़ों की कई बीमारियों का प्रमुख जोखिम कारक माना जाता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि जो लोग धूम्रपान नहीं करते, उन्हें लंग इंफेक्शन नहीं हो सकता। फेफड़ों में संक्रमण किसी भी उम्र के व्यक्ति को हो सकता है और इसके पीछे कई अलग-अलग कारण हो सकते हैं।
लंग इंफेक्शन की स्थिति में कुछ कॉमन लक्षण दिखाई दे सकते हैं। इसलिए धूम्रपान न करने के बावजूद अगर सांस से जुड़े लक्षण लगातार बने रहें, तो उन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच और उचित इलाज से संक्रमण की गंभीरता को कम करने में मदद मिल सकती है।
लंग इंफेक्शन के मुख्य कारण
वायरल इंफेक्शन: फ्लू, COVID-19 और अन्य श्वसन वायरस फेफड़ों में संक्रमण का कारण बन सकते हैं। बैक्टीरियल इंफेक्शन वाले लोगों में फंगल संक्रमण का खतरा अधिक हो सकता है।
बैक्टीरियल इंफेक्शन: कुछ बैक्टीरिया फेफड़ों में संक्रमण पैदा कर सकते हैं, जिससे निमोनिया जैसी समस्या हो सकती है। इसमें तेज बुखार, लगातार खांसी और सीने में दर्द हो सकता है।
फंगल इंफेक्शन: कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों में फंगल संक्रमण का खतरा अधिक हो सकता है। लंबे समय तक चलने वाली खांसी, कमजोरी और सांस लेने में परेशानी इसके संभावित लक्षण हैं।
कमजोर इम्यून सिस्टम: डायबिटीज, लंबे समय से चल रही कुछ बीमारियों या कुछ दवाओं के कारण इम्यून सिस्टम कमजोर हो सकता है, जिससे फेफड़ों में संक्रमण होने की संभावना बढ़ जाती है।
वायु प्रदूषण: लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने से फेफड़ों और श्वसन तंत्र पर बुरा असर पड़ सकता है। इससे सांस की तकलीफ और अन्य श्वसन समस्याओं का जोखिम बढ़ सकता है।
धूल और केमिकल्स: कार्यस्थल पर धूल, धुआं, गैस या कुछ रसायनों के लगातार संपर्क में रहने से फेफड़ों में जलन और सूजन हो सकती है। लंबे समय तक संपर्क रहने पर फेफड़ों को नुकसान भी हो सकता है।
संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आना: कुछ श्वसन संक्रमण संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या बात करने से निकलने वाली बूंदों के जरिए फैल सकते हैं।
लंग इंफेक्शन के लक्षण
खांसी, बलगम, बुखार, ठंड लगना, सांस फूलना, सीने में दर्द, थकान और कमजोरी इसके सामान्य लक्षण हो सकते हैं। कुछ लोगों में लक्षण हल्के होते हैं, जबकि गंभीर संक्रमण में सांस लेने में काफी परेशानी हो सकती है।



