बांग्लादेश में ट्रेन दुर्घटना में 20 लोगों की मौत, अनेक घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 23 Oct 2023 08:25 PM
बांग्लादेश में ट्रेन दुर्घटना में 20 लोगों की मौत, अनेक घायल
ऑडियो सुनें

ढाका. बांग्लादेश में सोमवार को एक यात्री ट्रेन और एक मालगाड़ी के बीच टक्कर होने से कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और अनेक यात्री घायल हो गए. भैरब रेलवे थाने के ड्यूटी अधिकारी सिराजुल इस्लाम ने मीडिया को बताया कि दुर्घटना तब हुई जब चटोग्राम की ओर जा रही मालगाड़ी किशोरगंज में स्थानीय समयानुसार अपराह्न करीब 3.30 बजे ढाका आ रही एगारो सिंदुर एक्सप्रेस से टकरा गई.

विशिष्ट अपराध रोधी रैपिड एक्शन बटालियन के एक अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा, ”अब तक 20 शव बरामद किए गए हैं. हम राहत अभियान में हरसंभव मदद कर रहे हैं.” मौके पर मौजूद अग्निशमन सेवा के अधिकारियों ने कहा कि तीन यात्री डिब्बे पलट गए और आशंका है कि कई लोग डिब्बों के मलबे के नीचे फंसे हुए हैं. उन्होंने कहा कि हालांकि लगभग 100 यात्रियों को घायल अवस्था में बचा लिया गया और विभिन्न अस्पतालों में ले जाया गया है.

अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने घटनास्थल पर संवाददाताओं से कहा कि बचाव प्रक्रिया के दौरान और अधिक शव तथा घायल लोग मिल सकते हैं. क्रेन के साथ एक बचाव ट्रेन दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है. बांग्लादेश अग्निशमन सेवा एवं नागरिक सुरक्षा मीडिया प्रमुख शाहजहाँ सिकदर ने कहा कि अग्निशमन सेवा की एक दर्जन से अधिक इकाइयां बचाव अभियान चला रही हैं. ढाका रेलवे पुलिस अधीक्षक अनवर हुसैन के हवाले से समाचार पोर्टल बीडीन्यूज24 ने कहा, “प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार मालगाड़ी ने एगारो सिंदुर एक्सप्रेस को पीछे से टक्कर मार दी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu