
नई दिल्ली: दिल्ली के मालवीय नगर के हौजरानी स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। इस आग की वजह से अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है और 37 घायल हैं।
हादसे पर राष्ट्रपति ने जताया दुख
मालवीय नगर हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया। उन्होंने कहा, ‘दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत पीड़ादायक है। मैं शोकाकुल परिवारों के प्रति गहन संवेदनाएं व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’
मैक्स अस्पताल ने की 18 लोगों के मरने की पुष्टि, कूदने से कई के हाथ-पैर टूटे
जानकारी के मुताबिक, 18 लोगों के मौत की पुष्टि मैक्स अस्पताल ने की है। इसमें नौ पुरुष और नौ महिला शामिल हैं। विदेशी नागरिक की भी पुष्टि की है। वहीं, इमारत से कूदने से घायल होने वालों में कई लोगों के हाथ और पैर भी टूट गए हैं। मैक्स हेल्थकेयर के ग्रुप मेडिकल डायरेक्टर डॉ. संदीप बुधिरजा ने बताया, ‘8 घायल वेंटिलेटर पर हैं, उनका इलाज चल रहा है। वेंटिलेटर पर जो मरीज हैं उनमें से अधिकांश को स्मॉग की वजह से लंग्स में इंजरी हुई है। अधिकांश लोगों को मामूली बर्न्स हैं, गहरे बर्न्स नहीं हैं। पांच मरीज स्थिर थे और मामूली चोटों के साथ यहां आए थे जिनका प्राथमिक इलाज करके उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। सभी घायलों को दो-तीन तरह की चोटें आई हैं, पहली स्मॉग की वजह से लंग्स में इंजरी हुई है, दूसरा बर्न्स और तीसरा हड्डी की चोट क्योंकि कई लोगों ने बताया है कि वह बचाव के समय ऊपर से कूद गए थे। (मैक्स अस्पताल में) जिन 18 मरीजों की मौत हुई है उनमें 9 पुरुष और 9 महिलाएं शामिल है।
दो मरीजों को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया
जानकारी के अनुसार, मालवीय नगर रेस्टोरेंट में लगी आग की घटना से जुड़े दो मरीजों को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती किया गया है। इन मरीजों को क्रमशः मैक्स अस्पताल और पं. मदन मोहन मालवीय अस्पताल से रेफर किया गया है, और फिलहाल संबंधित डॉक्टर इनका इलाज कर रहे हैं।
हादसे पर केजरीवाल ने जताया दुख
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘दिल्ली के मालवीय नगर में लगी भीषण आग में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं। आज मालवीय नगर में इतनी बड़ी घटना हो गई। 20 लोगों की मौत की दुखद खबर आ रही। दिल्ली में लगातार हो रहे अग्निकांड और मासूम लोगों की मौतें बेहद चिंताजनक हैं।’
दिल्ली में लगातार हो रही आगजनी की घटनाएं: कांग्रेस सांसद
कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा, ‘दिल्ली में आगजनी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। मुझे लगता है कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को समीक्षा करनी चाहिए, फायर ब्रिगेड को बहुत चुस्त-दुरुस्त करना चाहिए और ये देखना चाहिए कि कारण क्या है कि इतनी आगजनी हो रही है और लोग मर रहे हैं। ये बहुत भयावह स्थिति है। इसमें दिल्ली सरकार को कुछ न कुछ कदम जरूर उठाने चाहिए। हाथ पर हाथ रखकर नहीं बैठना चाहिए।’



