
कोलकाता/नयी टिहरी/तेनकासी. पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के उलुबेरिया में सोमवार को स्कूल से बच्चों को लेकर घर जा रही एक कार के तालाब में गिर जाने से तीन बच्चों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि दुर्घटना अपराह्न करीब साढ.े तीन बजे उलुबेरिया में बोहिरा चौरास्ता के पास हुई. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृतक बच्चों की पहचान इशिका मोंडल (सात), अरिन डे (नौ) और सौभिक दास (11) के रूप में हुई है.
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “बच्चों को निकटवर्ती अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन को मृत घोषित कर दिया गया. दो अन्य का इलाज चल रहा है.” क्रेन की मदद से वाहन को तालाब से बाहर निकाला गया और जब्त कर लिया गया. पूर्व में वाहन चालक को हिरासत में लेने का दावा करने वाली पुलिस ने बाद में कहा कि वाहन चला रहा व्यक्ति भागने में सफल रहा, तथा उसकी तलाश जारी है.
अधिकारी ने कहा, “उलुबेरिया के बाहरी इलाके से गुजरते समय चालक ने एक मोड़ पर वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वाहन तालाब में गिर गया.” कार को परीक्षण के लिए भेजा गया है, ताकि पता लगाया जा सके कि क्या कोई तकनीकी खराबी थी, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई. तृणमूल कांग्रेस नेता और राज्य मंत्री अरूप रॉय शाम को अस्पताल पहुंचे और मृत बच्चों के माता-पिता और परिवार के सदस्यों से बात की.
टिहरी में बस दुर्घटना में पांच श्रद्धालुओं की मौत, 13 अन्य घायल
उत्तराखंड के टिहरी जिले के नरेन्द्रनगर क्षेत्र में कुंजापुरी मंदिर के पास सोमवार को एक बस के खाई में गिरने से उसमें सवार पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं का दल सोमवार सुबह ऋषिकेश के दयानंद आश्रम से कुंजापुरी दर्शन के लिए पहुंचा था.
उन्होंने बताया कि दर्शन करके लौटने के बाद चालक ने जैसे ही बस को चालू करने के उपरांत आगे बढ़ाया, उसके ब्रेक फेल हो गए और वह खाई में गिर गई. हालांकि, टिहरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने कहा कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है.
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंचीं और बचाव एवं राहत अभियान शुरू किया. वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और अभियान की निगरानी की.
अधिकारियों ने बताया कि बस के सड़क से 70 मीटर नीचे खाई में गिर जाने से पांच श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई और 13 घायलों को नरेन्द्रनगर के श्रीदेव सुमन जिला उप-चिकित्सालय में भर्ती कराया गया जहां से छह की गंभीर अवस्था को देखते हुए उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्वज्ञिान संस्थान (एम्स) रेफर कर दिया गया. हादसे के समय बस में 28 लोग सवार थे. अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं.
मृतकों की पहचान दिल्ली के द्वारका निवासी अनीता चौहान (50), उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी आशु त्यागी (51), महाराष्ट्र के नागपुर निवासी नमिता प्रबोध काले (58), बेंगलुरु निवासी अनुजा वेंकटरामन (48) और गुजरात के वडोदरा निवासी पार्थसारथी जोशी (70) के रूप में हुई है. उधर, ऋषिकेश एम्स के जनसंपर्क अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि दुर्घटना में घायल छह व्यक्तियों को ट्रॉमा विभाग में भर्ती कराया गया है. उन्होंने बताया कि भर्ती घायलों में दीक्षा (50), दीपशिखा (49), माधुरी (55), चैतन्य (60), शिव कुमार (59) और राकेश (54) शामिल हैं.
तेनकासी में दो बसों की टक्कर में छह की मौत, मुख्यमंत्री ने तीन लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की
तेनकासी जिले के इदैकल के पास सोमवार को दो निजी बसों की आमने-सामने की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने यह जानकारी दी. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने मुख्यमंत्री सामान्य राहत कोष से मृतकों के परिजनों को तीन-तीन लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल और अस्पताल में इलाज करा रहे प्रत्येक व्यक्ति को एक लाख रुपये तथा मामूली रूप से घायल और अस्पताल में इलाज करा रहे प्रत्येक व्यक्ति को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने का आदेश दिया.
उन्होंने कहा, ”पांच महिलाओं और एक पुरुष सहित छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 56 लोग घायल हो गए.” पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह हादसा तब हुआ जब आमने-सामने से आ रहीं दो निजी बसों की टक्कर हो गई. उन्होंने बताया कि एक बस मदुरै से सेनकोट्टई, जबकि दूसरी तेनकासी से कोविलपट्टी/शंकरनकोविल जा रही थी. पुलिस, दमकल और बचाव र्किमयों तथा स्थानीय लोगों ने बचाव अभियान चलाया, जिसमें घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए कई एम्बुलेंस का इस्तेमाल किया गया.
शुरुआती जांच से पता चला है कि हादसा एक बस चालक के तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की वजह से हुआ. आशंका है कि ओवरटेक करते समय किसी बस ने गलत दिशा में गाड़ी चला दी होगी. पुलिस सूत्रों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगालने और प्रत्यक्षर्दिशयों के बयानों की समीक्षा सहित जांच जारी है. मुख्यमंत्री स्टालिन ने ‘एक्स’ पर लिखा कि उन्होंने तुरंत जिले के प्रभारी मंत्री के के एस एस आर रामचंद्रन से संपर्क किया और उन्हें घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया.
मुख्यमंत्री ने लिखा, ”मैंने जिलाधिकारी को सरकारी अस्पताल जाने और घायलों का सही और अच्छी गुणवत्ता का इलाज कराने का आदेश दिया है.” ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने भी सोशल मीडिया के जरिए अपनी संवेदना व्यक्त की.
उन्होंने लिखा, ”मुझे यह समाचार सुनकर गहरा दुख हुआ कि आज सुबह तेनकासी जिले के कदयानल्लूर के पास ईदकल दुरईशामियापुरम कामराजपुरम क्षेत्र में दो निजी बसों के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में पांच महिलाओं सहित 6 लोगों की मौत हो गई और लगभग 45 अन्य घायल हो गए, जिनका सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है.” उन्होंने अस्पताल में उपचार करा रहे लोगों के पूर्ण स्वस्थ होने की भी कामना की.



