Biju Janata Dal: संसद की विशेष बैठक के एजेंडे की जानकारी नहीं, ओडिशा के हितों को ध्यान में रखकर लेंगे फैसला

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 27 Nov 2026 05:45 PM
Biju Janata Dal: संसद की विशेष बैठक के एजेंडे की जानकारी नहीं, ओडिशा के हितों को ध्यान में रखकर लेंगे फैसला
ऑडियो सुनें

ओडिशा के मुख्य विपक्षी दल बीजू जनता दल (बीजद) ने शुक्रवार को कहा कि उसे संसद की विशेष बैठक के एजेंडे की जानकारी नहीं है, लेकिन विभिन्न मुद्दों पर पार्टी के रुख के संबंध में कोई भी फैसला उसके अध्यक्ष नवीन पटनायक राज्य के हितों को ध्यान में रखकर करेंगे। संसद की विशेष बैठक 30 नवंबर से ‘‘आवश्यक’’ विधायी कामकाज निपटाने के लिए बुलाई गई है। ऐसे संकेत हैं कि सरकार महिला आरक्षण लागू करने को परिसीमन से जोड़ने संबंधी संविधान संशोधन विधेयक फिर से पेश कर सकती है।

सरकार द्वारा बृहस्पतिवार को विशेष बैठक का प्रस्ताव रखे जाने के कुछ ही घंटों बाद लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर को फिर से बुलाने की घोषणा की गई। राज्यसभा में बीजद संसदीय दल के नेता मानस मंगराज ने कहा, ‘‘ऐसी अटकलें हैं कि परिसीमन विधेयक के लिए यह बैठक बुलाई गई है। हालांकि, हमें आधिकारिक या अनौपचारिक रूप से एजेंडे के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। ऐसे में अटकलें लगाने का कोई मतलब नहीं है।’’

मंगराज ने कहा कि बीजद विभिन्न मुद्दों पर अपना रुख हमेशा राज्य के हितों को ध्यान में रखकर तय करता रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘इस बार भी हमारे अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक राज्य के हितों को प्राथमिकता देते हुए फैसला करेंगे।’’ बीजद के उपाध्यक्ष प्रसन्न आचार्य ने कहा कि संसद की बैठक फिर से बुलाने के केंद्र के कदम का पहले से ही अनुमान था, क्योंकि मानसून सत्र का सत्रावसान नहीं किया गया था।

आचार्य ने कहा कि लोकसभा में बीजद का कोई प्रतिनिधित्व नहीं होने के कारण पार्टी विभिन्न मुद्दों पर अपना रुख औपचारिक रूप से राज्यसभा में स्पष्ट करेगी। इससे पहले पटनायक ने महिला आरक्षण को परिसीमन से अलग करने की मांग की थी। उन्होंने जनसंख्या के आधार पर लोकसभा सीटों के परिसीमन का भी विरोध किया था।

बीजद ने आशंका जताई थी कि यदि जनसंख्या के अनुपात के आधार पर परिसीमन किया जाता है तो संसद में ओडिशा के राजनीतिक अधिकारों का हनन हो सकता है। बीजद सांसद संतृप्त मिश्रा ने कहा कि विधायी निकायों में महिला आरक्षण को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा मानना है कि लोकसभा की मौजूदा 543 सदस्यीय संख्या के साथ ही महिला आरक्षण लागू किया जा सकता है। परिसीमन को लेकर भी पार्टी का रुख बिल्कुल स्पष्ट है। यदि ओडिशा के हितों की रक्षा होती है तो हमें इस पर कोई आपत्ति नहीं है।’’

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav