जम्मू-कश्मीर के डोडा में बस के खाई में गिरने से 38 लोगों की मौत, 20 घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 15 Nov 2023 10:39 PM
जम्मू-कश्मीर के डोडा में बस के खाई में गिरने से 38 लोगों की मौत, 20 घायल
ऑडियो सुनें

डोडा. जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बुधवार को यात्रियों को लेकर जा रही एक बस सड़क से फिसलकर करीब 300 फुट गहरी खाई में गिर गई जिससे कम से कम 38 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि जेके02सीएन-6555 पंजीकरण संख्या वाली बस में करीब 58 यात्री सवार थे. यात्रियों से भरी यह बस बटोटे-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर त्रुंगल-अस्सार के पास सड़क से फिसल गई और खाई में गिर गई.

उन्होंने बताया कि बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है और कुछ शव बरामद किये गये हैं. इस हादसे में मृतकों की संख्या के बढ.ने की आशंका है. पुलिस के एक प्रवक्ता ने यहां एक संदेश में कहा, ”सुबह करीब 11:50 बजे, जेके02सीएन-6555 पंजीकरण संख्या वाली बस राजमार्ग पर ट्रुंगल-अस्सार में दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इसमें 36 लोगों की मौत हो गई और 19 घायल हो गए. यह बस किश्तवाड़ से जम्मू की ओर जा रही थी. बचाव अभियान जारी है और घायलों के बेहतर इलाज के लिए स्थानांतरित करने के वास्ते र्किमयों और मशीनरी को काम पर लगाया गया है.”

रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्तवाल ने एक बयान में कहा कि इस दुर्घटना में 38 लोगों की मौत हो गयी, 32 यात्रियों को शुरू में मृत घोषित कर दिया गया जबकि 20 अन्य घायल हो गए. लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्तवाल ने कहा, ” भारतीय सेना ने तत्परता और समन्वय का परिचय देते हुए सराहनीय काम करते हुए प्रशासन के सहयोग से, सीओबी अस्सार से बटोटे की ओर लगभग चार किमी दूर, वानी मोड़ के पास अस्सार में राष्ट्रीय राजमार्ग- 244 पर एक गंभीर दुर्घटना के मद्देनजर एक त्वरित बचाव अभियान चलाया गया.” बर्तवाल ने कहा कि शवों को अस्सार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और डोडा सिविल अस्पताल भेजा जा रहा है. उन्होंने बताया कि घटना के समय बस में कुल 58 लोग सवार थे.

डोडा के उपायुक्त हरविंदर सिंह ने कहा कि इस दुर्घटना में 37 लोगों की मौत हो गयी जबकि 19 लोग घायल हो गए, जिनमें से चार को जम्मू के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय (जीएमसी) अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है. हरविंदर सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ” यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक बस निर्धारित दिशा की ओर नहीं चल रही थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ.” कुछ मृतकों की पहचान कर ली गई है और शव उनके परिवारों को सौंप दिए जाएंगे.

डोडा के उपायुक्त ने कहा, ”हमने बस के सभी विवरणों की जांच की. शायद इसे सही तरीके से नहीं चलाया जा रहा था. बस अवरोधकों को तोड़कर नीचे लुढ.क गयी. इस दुर्घटना की जांच की जाएगी.” उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना की जांच की जाएगी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि बस दुर्घटना से उन्हें बहुत पीड़ा हुई है.

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा गया, ”जम्मू एवं कश्मीर के डोडा में हुई दुर्घटना के कारण लोगों की मृत्यु से पीड़ा हुई है. मेरी संवेदनाएं अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारजनों के साथ हैं. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.” पीएमओ ने कहा कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी तथा घायलों को 50,000 रुपये दिये जाएंगे.

गृह मंत्री अमित शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा ”जम्मू-कश्मीर के डोडा में एक दुखद बस दुर्घटना के कारण कई लोगों की जान चली गई, यह जानकर बहुत दुख हुआ. स्थानीय प्रशासन उस खाई में बचाव अभियान चला रहा है जहां बस दुर्घटनाग्रस्त हुई है. मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करता हूं.” सूत्रों ने बताया कि काफी ऊंचाई से गिरने के कारण बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

उन्होंने कहा कि पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के जवानों के अलावा स्थानीय लोग भी बचाव अभियान में शामिल हैं. घायलों में से कुछ लोगों को अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया है. घायलों को पहले डोडा के एक अस्पताल ले जाया गया और बाद में उनमें से चार लोगों को हवाई मार्ग से जम्मू के जीएमसी अस्पताल ले जाया गया. पुलिस और प्रशासन के शीर्ष अधिकारी मौके पर बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं.

अधिकारियों ने कहा कि बस अतिरिक्त यात्रियों को ले जा रही थी और ‘यू टर्न’ लेते समय यह पलट गई और खाई में गिर गई. उन्होंने बताया कि बस के कुछ हिस्सों को काटकर शवों को बाहर निकाला गया. कुछ शव काफी बुरी अवस्था में थे. स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब हालत पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पहले भी इस तरह के हादसे हो चुके हैं.

जहां यह हादसा हुआ उस गांव के सरपंच मोहम्मद अशरफ ने कहा, ”बस किश्तवाड़ से जम्मू जा रही थी. बस में लगभग 55 लोग सवार थे और उनमें से 36 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. ” मोहम्मद अशरफ ने कहा, ” हमने सड़क की मरम्मत के लिए छह लाख रुपये दिये. वे इसकी मरम्मत करने में असफल रहे. उन्होंने पैसों का दुरुपयोग किया है. कुछ महीने पहले भी यहां ऐसा ही हादसा हुआ था और कई लोगों की जान चली गई थी. ” जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के अलावा प्रदेश के तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों ने इस हादसे में जानमाल के नुकसान पर शोक व्यक्त किया है.

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”डोडा के अस्सार में एक बस दुर्घटना में लोगों की मौत से बेहद दुखी हूं. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं. मैं दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. प्रभावितों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए संभागीय आयुक्त और जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं.” डोडा में पिछले कुछ वर्षों में यह संभवत: सबसे बड़ा हादसा है. एक जुलाई, 2019 को किश्तवाड़ के संगवारी इलाके में एक मिनी बस सड़क से फिसलकर खाई में गिर गई थी, जिससे 35 लोगों की मौत हो गई और 17 घायल हो गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu