उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जल जीवन मिशन के कार्यों को मिशन मोड में पूर्ण करने के दिए निर्देश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 01 Mar 2024 06:46 PM
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जल जीवन मिशन के कार्यों को मिशन मोड में पूर्ण करने के दिए निर्देश
ऑडियो सुनें

रायपुर. उप मुख्यमंत्री तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव ने आज वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर राज्य में जल जीवन मिशन का काम मिशन मोड में पूर्ण करने के निर्देश दिए. उन्होंने आज रायपुर के सिविल लाइन स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित बैठक में सभी अधीक्षण अभियंताओं और कार्यपालन अभियंताओं को उप संभागीय स्तर तक फील्ड में उतरकर प्रगतिरत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर उन्हें शीघ्र पूर्ण कराने को कहा. साव ने गर्मियों में सभी जिलों में पेयजल की व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए. उन्होंने पेयजल की निर्बाध आपूर्ति के लिए हैंडपंपों एवं नल जल योजनाओं में खराबी आने पर तत्काल मरम्मत और रखरखाव कर सुचारू व्यवस्था बनाने को कहा.

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि अगले दो महीनों में जल जीवन मिशन का काम मिशन मोड में पूर्ण करते हुए ज्यादा से ज्यादा गांवों में हर घर में नल से जल की आपूर्ति सुनिश्चित करना है. इसमें किसी तरह की लापरवाही या ढिलाई नहीं करना है. गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखते हुए कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करना है. उन्होंने मैदानी अधिकारियों को फील्ड का नियमित दौरा कर प्रगतिरत कार्यों को जल्द पूर्ण कराने को कहा. उन्होंने सभी अधीक्षण अभियंताओं को विभाग के उप संभागीय कार्यालयों द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी निगरानी फील्ड में जाकर करने के निर्देश दिए. उन्होंने फील्ड स्तर या प्रशासनिक स्तर पर आ रही समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए काम को आगे बढ़ाने को कहा.

उप मुख्यमंत्री साव ने गर्मियों में सभी गांवों में पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने हैंडपंपों और नल जल योजनाओं की मरम्मत एवं रखरखाव के लिए जरूरी सभी सामग्रियों की व्यवस्था अग्रिम रूप से कर लेने को कहा. लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख अभियंता डॉ. एम.एल. अग्रवाल ने बैठक में बताया की आसन्न गर्मी के मौसम को देखते हुए नल जल योजनाओं एवं हैंडपंपों की मरम्मत और रखरखाव के लिए आगामी जून माह तक की जरूरत के मुताबिक आवश्यक सामग्रियों की खरीदी कर सभी जिलों में भिजवा दिया गया है. लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के रायपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता राजेश गुप्ता, अधीक्षण अभियंता समीर गौर, बिलासपुर परिक्षेत्र के प्रभारी मुख्य अभियंता संजय सिंह, अंबिकापुर के अधीक्षण अभियंता भीम सिंह, दुर्ग के अधीक्षण अभियंता संजीव बिजपुरिया, जगदलपुर के अधीक्षण अभियंता एस.एन. चंद्रा और कोंडागांव के अधीक्षण अभियंता एस.एन. पाण्डेय भी बैठक में मौजूद थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu