राहुल ने ‘आसुरी शक्ति’ के खिलाफ हमला बोला तो भाजपा ”बिलबिला गई”: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 18 Mar 2024 07:03 PM
राहुल ने ‘आसुरी शक्ति’ के खिलाफ हमला बोला तो भाजपा ”बिलबिला गई”: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने राहुल गांधी के ‘शक्ति’ वाले बयान को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हमले के बाद पलटवार करते हुए सोमवार को कहा कि पार्टी के पूर्व अध्यक्ष ने ‘आसुरी शक्ति’ के खिलाफ लड़ने की बात की है जिससे भाजपा एवं प्रधानमंत्री ”बिलबिला” गए हैं.

पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने यह भी कहा कि यह लोकसभा चुनाव ‘आसुरी शक्ति’ और ‘दैवीय शक्ति’ के बीच होगा जिसमें जीत ‘दैवीय शक्ति’ की होगी. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के समापन के अवसर पर मुंबई के शिवाजी पार्क में आयोजित एक रैली में कहा था, ”हिन्दू धर्म में शक्ति शब्द होता है. हम शक्ति से लड़ रहे हैं…एक शक्ति से लड़ रहे हैं. अब सवाल उठता है कि वह शक्ति क्या है? जैसे किसी ने यहां कहा कि राजा की आत्मा ईवीएम में है. सही है…सही है कि राजा की आत्मा ईवीएम में है… हिंदुस्तान की हर संस्था में है. ईडी में है, सीबीआई में है इनकम टैक्स डिपार्टमेंट में है.” इसको लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन पर मुंबई की रैली से ‘शक्ति’ के विनाश का बिगुल फूंकने का आरोप लगाते हुए सोमवार को कहा कि उनके लिए हर मां-बेटी ‘शक्ति’ का स्वरूप है और वह उनके लिए अपनी जान की बाजी लगा देंगे.

तेलंगाना के जगतियाल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में लड़ाई ‘शक्ति के विनाशकों’ और ‘शक्ति के उपासकों’ के बीच है और चार जून को स्पष्ट हो जाएगा कि कौन ‘शक्ति’ का विनाश करने वाले हैं और किसे ‘शक्ति’ का आशीर्वाद प्राप्त है.

प्रधानमंत्री के हमले पर पलटवार करते हुए खेड़ा ने एक बयान में कहा, ”जब से राहुल गांधी ने आसुरी शक्ति के खिलाफ खुलकर हमला बोला है तब से प्रधानमंत्री और भाजपा बिलबिलाए हुए हैं. अब यह देश आसुरी शक्ति से नहीं, दैवी शक्ति से चलेगा.” उन्होंने प्रधानमंत्री से सवाल किया, ”जब कठुआ, उन्नाव, हाथरस में आपकी पार्टी बलात्कारियों के पक्ष में मोर्चे निकाल रही थी, तब शक्ति की उपासना याद नहीं आई? जब मणिपुर में महिलाओं को नंगा दौड़ाया जा रहा था, तब कौन सी शक्ति आपको चुप रख रही थी? जब महिला पहलवान सड़क पर थीं और बृजभूषण शरण सिंह भीतर आपके घर में, तब कौन सी शक्ति की उपासना कर रहे थे?”

खेड़ा ने दावा किया, ”यह चुनाव दैवीय शक्ति और आसुरी शक्ति के बीच होगा और जीत दैवीय शक्ति की होगी. जीत राहुल गांधी की होगी. जीत ‘इंडिया’ गठबंधन की होगी. जीत इस देश के नौजवान की होगी. जीत इस देश के किसान की होगी. जीत भारत मां की होगी.” कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”हिंदू धर्म और शक्ति पर वो बोल रहे हैं जो मणिपुर में आदमखोरों की भीड़ की दरिन्दगी देख चुप रहे, दिल्ली में होनहार बेटियों को बूटों तले रौंदने पर चुप रहे , कानपुर में दो नाबालिग लड़कियों के लटके शव पर चुप रहे , हाथरस की हैवानियत पर चुप रहे. ये सब शक्ति का स्वरूप ही थीं. 10 साल में इस देश की बेटियों के साथ हुई बर्बरता कोई भूला नहीं है.” उन्होंने दावा किया, ”एक खोखले आदमी को रिमोट से चलाने वाली शक्तियों की पोल क्या खुल गई, ‘वसूली मैन’ बौखला गए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu