बंगाल में भू-माफिया का राज: अधीर रंजन चौधरी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 20 Mar 2024 08:43 PM
बंगाल में भू-माफिया का राज: अधीर रंजन चौधरी
ऑडियो सुनें

कोलकाता. कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने बुधवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में संगठित लूट जारी है और दावा किया कि पूरे राज्य में भू-माफिया राज कर रहे हैं. उन्होंने कोलकाता के मेयर पद से फरहाद हाकिम के इस्तीफे की अपनी मांग दोहराई और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) शासित कोलकाता नगर निगम पर गार्डन रीच क्षेत्र में एक अनधिकृत बहुमंजिला इमारत के ढहने से कम से कम 10 लोगों की मौत के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया.

निवर्तमान लोकसभा में कांग्रेस पार्टी के नेता ने अपने गृह नगर और निर्वाचन क्षेत्र बहरामपुर में संवाददाताओं से कहा, ”कोलकाता के साथ-साथ पूरे पश्चिम बंगाल में एक संगठित लूट जारी है. भू-माफिया राज कर रहे हैं.” उन्होंने कहा, ”पूरे कोलकाता में अवैध इमारतें तेजी से बढ़ रही हैं. हम नहीं जानते कि गार्डन रीच इलाके की तरह और कहां इमारतें गिरेंगी.” चौधरी ने यह भी सवाल किया कि टीएमसी नीत सरकार इस मुद्दे पर सड़कों पर उतरने के बजाय मनरेगा योजना के तहत काम करने वालों को कथित तौर पर बकाया भुगतान न करने के मुद्दे पर उच्चतम न्यायालय क्यों नहीं जा रही?

चौधरी ने निर्वाचन आयोग से लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया और राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर चुनाव जीतने के लिए प्रलोभन और धमकी का इस्तेमाल करने की कोशिश करने का आरोप लगाया. पश्चिम बंगाल में लोकसभा की 42 सीटें हैं. कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि टीएमसी और भाजपा दोनों लोकसभा चुनाव जीतने के लिए राज्य में धार्मिक आधार पर ”लोगों को बांटने की कोशिश” कर रही हैं. कांग्रेस पार्टी अपने उम्मीदवारों की सूची कब जारी करेगी, इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ”नामों को अंतिम रूप दे दिया गया है. इसकी घोषणा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा की जाएगी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu