अंसारी की मौत: भाजपा ने विपक्षी दलों पर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश का लगाया आरोप

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 29 Mar 2024 08:19 PM
अंसारी की मौत: भाजपा ने विपक्षी दलों पर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश का लगाया आरोप
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. गैंगस्टर से नेता बने मुख्तार अंसारी की मौत को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार की आलोचना करने पर विपक्षी दलों पर पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए उनकी हर मुद्दे को भावनात्मक रूप से भुनाने की आदत है.

पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने जहां विपक्षी दलों पर निशाना साधा, वहीं अंसारी के इशारे पर मारे गए विधायक कृष्णानंद राय की पत्नी और भाजपा नेता अलका राय ने उनकी मौत को ‘दैवीय न्याय’ करार दिया. उन्होंने कहा, ”मुझे हमेशा भगवान पर पूरा भरोसा था.” उनके पुत्र पीयूष राय ने राज्य की मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी समेत कुछ विपक्षी दलों के इस आरोप को खारिज कर दिया कि अंसारी की मौत के पीछे साजिश थी.

उन्होंने कहा कि यह आरोप गलत है और तुष्टिकरण की राजनीति के कारण यह लगाया गया है. उन्होंने कहा, ”वे (आलोचक) अपराधी में धर्म ढूंढ रहे हैं.” उनकी मां ने कहा कि अंसारी के अपराध के पीड़ित और उनके परिवार उसके अंत से खुश होंगे. अलका राय पूर्व में भाजपा के टिकट पर उत्तर प्रदेश विधानसभा के लिए निर्वाचित हुई थीं. भाजपा ने गाजीपुर लोकसभा सीट के लिए अभी अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है, जहां से वर्तमान में अंसारी के भाई अफजाल अंसारी सांसद हैं.

नकवी ने अपनी प्रतिक्रिया में विपक्षी दलों पर उनकी मौत पर राज्य प्रशासन के बयान के बावजूद ‘सांप्रदायिक जहर’ फैलाने का आरोप लगाया. कई बार विधायक रह चुके मुख्तार अंसारी के आपराधिक अतीत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनके इतिहास को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि वह जिस क्षेत्र से आए थे, वह वामपंथियों का गढ. हुआ करता था लेकिन अपराधियों का गढ. बन गया.

कई मामलों में दोषी ठहराए गए अंसारी का बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश के बांदा के एक अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था. अंसारी को जिला जेल से जब बांदा के रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज लाया गया था, तब वह बेहोशी की हालत में थे और अस्पताल के प्राचार्य सुनील कौशल के अनुसार दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई. समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि अदालत को अंसारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का संज्ञान लेना चाहिए. बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि अंसारी की मौत के संबंध में उनके परिवार के आरोपों की उच्चस्तरीय जांच की जरूरत है, ताकि तथ्यों को सामने लाया जा सके.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu