परंपरागत राजनीतिक परिवारों के लोगों के बजाय नये चेहरों को मौका दिया जाए: कंगना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 02 Apr 2024 10:47 PM
परंपरागत राजनीतिक परिवारों के लोगों के बजाय नये चेहरों को मौका दिया जाए: कंगना
ऑडियो सुनें

मंडी/शिमला. मंडी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार और अभिनेत्री कंगना रनौत ने मंगलवार को कहा कि परंपरागत राजनीतिक परिवारों के लोगों की जगह ‘नए चेहरों’ को मौका दिया जाना चाहिए. द्रंग विधानसभा क्षेत्र के शिवबदर और बल्ह विधानसभा के नेरचौक में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रनौत ने कहा कि नए उम्मीदवार खड़े करने के भाजपा के फैसले के कारण कांग्रेस घबरा रही है.

मंडी से वर्तमान सांसद और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह पर परोक्ष हमले में रनौत ने कहा, ”परंपरागत राजनीतिक परिवारों के लोगों के बजाय नये चेहरों को अवसर देने का समय है.” पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी और राज्य के लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह की मां प्रतिभा सिंह ने पहले लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था.

हालांकि भाजपा द्वारा रनौत के नाम की घोषणा के बाद प्रतिभा सिंह ने अपने रुख में बदलाव करते हुए कहा कि वह कांग्रेस आलाकमान के निर्देशों का पालन करेंगी. माना जा रहा है कि मंडी से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में प्रतिभा सिंह का नाम सबसे आगे है.
कंगना रनौत ने कहा, ”प्रधानमंत्री प्रधान सेवक हैं और देश की सेवा कर रहे हैं तथा मैं इसी भावना से मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता की सेवा करुंगी.” कांग्रेस नेताओं के कथित अपमानजनक सोशल मीडिया पोस्ट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह पार्टी की ‘महिलाओं के बारे में खराब मानसिकता’ को दर्शाता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu