दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में आखिरकार हार्दिक पंड्या की हूटिंग नहीं हुई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 07 Apr 2024 07:02 PM
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में आखिरकार हार्दिक पंड्या की हूटिंग नहीं हुई
ऑडियो सुनें

मुंबई. हार्दिक पंड्या ने आखिरकार कुछ राहत की सांस ली क्योंकि मुंबई इंडियंस के कप्तान की रविवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल)मैच के दौरान वानखेडे स्टेडियम के दर्शकों ने किसी तरह की हूटिंग नहीं की. यह मुकाबला रिलायंस फाउंडेशन के लिए ईएसए (सभी के लिए शिक्षा और खेल) दिवस पर खेला जा रहा है जिससे स्टैंड पर कई गैर सरकारी संगठनों के लगभग 18,000 बच्चे मौजूद थे और स्टैंड पर सिर्फ घरेलू टीम को ‘चीयर’ करने के लिए शोर सुनाई दे रहा था. पंड्या को पिछले तीन मैच में दर्शकों की हूटिंग का सामना करना पड़ा था.

भारत के पूर्व कप्तान और पूर्व बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) अध्यक्ष सौरव गांगुली ने रविवार के मैच से एक दिन पहले कहा था कि दर्शकों को पंड्या की हूटिंग नहीं करनी चाहिए क्योंकि अगर उन्हें कप्तान के तौर पर टीम में शामिल किया गया है तो यह उनकी गलती नहीं है.

गांगुली ने शनिवार को वानखेड़े स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के ट्रेनिंग सत्र के दौरान कहा, ”मुझे नहीं लगता कि उन्हें हार्दिक पंड्या की हूटिंग करनी चाहिए. यह सही नहीं है. ” उन्होंने कहा, ”यह सही नहीं है क्योंकि फ्रेंचाइजी ने उन्हें कप्तान नियुक्त किया है. खेल में ऐसा ही होता है. आप भारत की कप्तानी करें या किसी राज्य की कप्तानी करें या आप अपनी फ्रेंचाइजी की कप्तानी करें, आपको कप्तान नियुक्त किया जाता है. ”

दिल्ली कैपिटल्स के क्रिकेट निदेशक ने कहा, ”उन्हें कप्तान नियुक्त किया गया है. निश्चित रूप से रोहित शर्मा को देखें तो वह अलग तरह का खिलाड़ी है. एक कप्तान और एक खिलाड़ी के तौर पर इस फ्रेंचाइजी के लिए उनका प्रदर्शन और भारत के लिए उनका प्रदर्शन एक अलग स्तर पर रहा है. ” उन्होंने कहा, ”लेकिन यह हार्दिक की गलती नहीं है कि उन्हें कप्तान नियुक्त किया गया है. हम सभी को यह समझने की जरूरत है. ” मुंबई इंडियंस के पहले घरेलू मैच के दौरान पूरे समय पंड्या की हूटिंग की गयी थी और तब भारत और मुंबई के पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने दर्शकों से टॉस के समय सही आचरण करने को कहा था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu