लोकसभा चुनाव: आम आदमी पार्टी ने ‘आप का राम राज्य’ वेबसाइट शुरू की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 17 Apr 2024 08:24 PM
लोकसभा चुनाव: आम आदमी पार्टी ने ‘आप का राम राज्य’ वेबसाइट शुरू की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) ने ‘राम राज्य’ को लेकर अपनी अवधारणा जाहिर करने के उद्देश्य से बुधवार को एक वेबसाइट ‘आप का राम राज्य’ जारी की और कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में भगवान राम के आदर्शों को साकार करने की कोशिश की है. लोकसभा चुनाव से पहले और रामनवमी के दिन ‘आप’ ने ‘आपकारामराज्य.कॉम’ वेबसाइट शुरू की.

राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह वेबसाइट ‘आप’ की ‘राम राज्य’ की अवधारणा को प्रर्दिशत करने के साथ-साथ केजरीवाल सरकार द्वारा किये गये कामकाज की भी जानकारी देगी. सिंह ने कहा, ”मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ‘राम राज्य’ की अवधारणा को साकार करने के लिए पिछले दस साल में दिल्ली में अच्छे स्कूल, मोहल्ला क्लीनिक, मुफ्त पानी और बिजली तथा महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी है.” उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार है कि रामनवमी के मौके पर केजरीवाल अपने लोगों के बीच में मौजूद नहीं हैं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को झूठे गवाहों के बयानों के आधार पर ‘निराधार’ मामले में जेल भेजा गया है.

सिंह ने कहा, ”अरविंद केजरीवाल की ‘राम राज्य’ की अवधारणा में कोई बड़ा या छोटा नहीं है और इसमें सभी के हित में काम किया जाता है. इसी को ध्यान में रखते हुए रामनवमी पर लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के अभियान के तहत इस वेबसाइट की शुरुआत की गई है.” उन्होंने दावा किया कि दुनिया अरविंद केजरीवाल और आप सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों से सीख रही है.

निर्वाचन आयोग भाजपा की शाखा के तौर पर काम कर रहा है: आप

आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक शाखा के तौर पर काम कर रहा है. आयोग ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ को पार्टी के कुछ पोस्ट हटाने का आदेश दिया है जिसके बाद ‘आप’ ने यह आरोप लगाया है.

यह संहिता 16 मार्च को आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा के साथ लागू हुई. मतगणना चार जून को होनी है.
‘एक्स’ ने मंगलवार को कहा था कि आयोग ने वाईएसआर कांग्रेस, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कुछ पोस्ट उसे हटाने का आदेश दिया है.

‘आप’ की मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पार्टी ने भाजपा के पोस्ट और होर्डग्सिं को लेकर आयोग को दो शिकायतें दर्ज कराई हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई है. उन्होंने आरोप लगाया, “यह देश का दुर्भाग्य है कि निर्वाचन आयोग भाजपा की शाखा के रूप में काम कर रहा है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu