नौकरी में आरक्षण न देना पड़े इसलिए सरकार परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक करा रही है : अखिलेश यादव

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 27 Apr 2024 04:32 PM
नौकरी में आरक्षण न देना पड़े इसलिए सरकार परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक करा रही है : अखिलेश यादव
ऑडियो सुनें

कन्नौज: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर भर्ती परीक्षाओं के प्रश्न पत्र लीक कराने की कोशिश कर रही है ताकि सरकारी नौकरियों में युवाओं को आरक्षण न देना पड़े।

कन्नौज संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार अखिलेश यादव ने शनिवार को यहां रसूलाबाद में एक जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि जबसे भाजपा की सरकार आयी हर परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक हो रहा है और इस सरकार में 10 भर्ती परीक्षाओं के प्रश्न पत्र लीक हुए।

यादव ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर पेपर लीक करा रही है ताकि उसे युवाओं को नौकरी न देनी पड़े।
पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया, ”अगर नौकरी देनी पड़ी तो उन्हें आरक्षण देना पड़ेगा। आरक्षण न देना पड़े इसलिए जानबूझकर प्रश्नपत्र लीक कराने का काम कर रहे हैं।”

उन्होंने भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया और कहा कि 10 साल में किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा से किसान, नौजवान, उद्योगपति सब नाराज हैं। यादव ने महंगाई और चुनावी बॉण्ड मुद्दे पर भी भाजपा पर निशाना साधा।

यादव ने कहा कि भाजपा ने समाज के हर वर्ग को धोखा दिया है और उन्होंने लोगों से चुनाव में ‘इंडिया’ गुट को विजयी बनाकर ‘‘संविधान और देश को बचाने’’ की अपील की।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav