केरल में भारी बारिश, आईएमडी ने दो जिलों में आॅरेंज अलर्ट जारी किया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 14 May 2024 04:12 PM
केरल में भारी बारिश, आईएमडी ने दो जिलों में आॅरेंज अलर्ट जारी किया
ऑडियो सुनें

तिरुवनंतपुरम: केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश ने लोगों को कई सप्ताह से जारी तपती गर्मी से राहत दी है। हालांकि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को राज्य के 14 में से दो जिलों के लिए आॅरेंज अलर्ट जारी किया है।

विभाग ने पत्तनमथिट्टा और इडुक्की के लिए एक दिन का आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने इसके अलावा राज्य के आठ जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है। आॅरेंज अलर्ट का मतलब छह सेंटीमीटर (सेमी) से 20 सेमी तक की बहुत भारी बारिश से है जबकि येलो अलर्ट छह से 11 सेमी तक भारी वर्ष के लिए जारी किया जाता है।

आईएमडी ने तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पत्तनमथिट्टा, इडुक्की, पलक्कड़, मलप्पुरम और वायनाड जिलों में एक या दो स्थानों पर मध्यम वर्षा और तेज हवाओं के साथ तूफान का पूर्वानुमान जताया है। इस बीच केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) ने आज (मंगलवार) केरल और दक्षिण तमिलनाडु तट के लिए समुद्री तूफान की चेतावनी जारी की है।

भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (आईएनसीओआईएस) से प्राप्त अलर्ट के मुताबिक, आज रात 11.30 बजे तक केरल तट के निकट ऊंची समुद्री लहर उठने का अलर्ट जारी किया गया है। ये लहरें 0.5 से 1.2 मीटर तक ऊंची उठ सकती हैं।

केएसडीएमए के मुताबिक, इसी अवधि के दौरान तमिलनाडु तट के निकट भी ऊंची समुद्री लहरें उठने का पूर्वानुमान है। ये लहरें 0.7 से 1.1 मीटर के बीच ऊंची उठ सकती हैं। एजेंसी ने मछुआरों, तटों के निकट रहने वाले लोगों और पर्यटकों को सतर्कता बरतने और इन परिस्थितियों के मद्देनजर तट के निकट नहीं जाने और आवश्यक सावधानी बरतने का आग्रह किया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav